एबीपी की खबर का बड़ा असर, कोरोना हॉस्पिटल में मरीजों से वसूली मामले में जांच बैठी, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रयागराज में मरीजों से सुविधाओं के नाम पर कर्मचारियों द्वारा पैसे लेने का वीडियो सामने आया था. इस मामले में मेडिकल कालेज प्रशासन ने एक टीम का गठन किया है, जो इस प्रकरण की जांच करेगी. एबीपी ने इस खबर को प्रमुखता से दिखाया था.

प्रयागराज. प्रयागराज के कोरोना हॉस्पिटल में सुविधाएं देने के नाम पर मरीजों से जबरन पैसे वसूले जाने के मामले में एबीपी गंगा चैनल पर चली खबर का बड़ा असर हुआ है. एबीपी चैनल पर ख़बर चलने के बाद मेडिकल कालेज प्रशासन हरकत में आ गया है. मेडिकल कालेज प्रशासन ने इस मामले में वाइस प्रिंसिपल की अगुवाई में तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है. मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डा० एसपी सिंह के मुताबिक़ मामले की जांच वाइस प्रिंसिपल के साथ ही एसआरएन हॉस्पिटल के सीएमएस और हॉस्पिटल के कोरोना इंचार्ज की कमेटी करेगी. कमेटी को तीन दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी. कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी
प्रिंसिपल डा० एसपी सिंह के मुताबिक़ जांच में जो भी स्टाफ दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. हालांकि उन्होंने यह सफाई भी दी है कि वीडियो बनाने वालों ने कभी उनसे शिकायत नहीं की थी. स्टाफ की लगातार मानीटरिंग की जाती है. वह खुद और दूसरे ज़िम्मेदार लोग देर रात तक अपने दफ्तर में बैठे रहते हैं और लोगों की समस्याओं को सुनते हैं. इसके बावजूद ऐसी घटनाएं कतई माफी के लायक नहीं हैं. गलती पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ न सिर्फ विभागीय कार्रवाई की जाएगी बल्कि एफआईआर भी कराई जाएगी.
पैसे वसूलने का वीडियो सामने आया था
गौरतलब है कि प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज द्वारा संचालित स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में कोरोना पीड़ितों और उनके तीमारदारों से जूस दवाएं व दूसरे सामान पहुंचाए जाने के नाम पर जबरन वसूली किये जाने का वीडियो सामने आया था.
ये भी पढ़ें.
गणित की मुश्किलों को आसान बनाने वाले प्रयागराज के इस टीचर को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार
























