CM सम्राट के बयान पर तेज प्रताप बोले- 'कौन स्कूल में पढ़े हैं… चरवाहा?'
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह कहा है कि हमारे यहां क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं. इसी पर विपक्ष के नेता उन्हें घेर रहे हैं. उनके बयान पर विपक्षी दल चुटकी ले रहा है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपराध और क्राइम वाले बयान पर बुधवार (04 नवंबर, 2026) को मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने तंज कसा. तेज प्रताप यादव ने कहा कि क्राइम और अपराध क्या है? कौन स्कूल में पढ़ें हैं? चरवाहा विद्यालय में?
तेज प्रताप से पहले आरजेडी, जन सुराज और विपक्ष के अन्य नेता सम्राट चौधरी के बयान पर तंज कस चुके हैं. अब तेज प्रताप ने चुटकी ली है.
तेज प्रताप बोले- अपराध में विकास हो रहा
इतना ही नहीं तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की इस अपील पर कि जो सक्षम लोग हैं वो 125 यूनिट फ्री बिजली का लाभ छोड़ दें, इस पर कहा कि दीपावली का समय है, प्रकाश का पर्व है, लोग घर में बिजली नहीं जलाएंगे तो क्या करेंगे? बिजली कहां लेकर जाएंगे? उन्होंने कहा कि बिहार में विकास नहीं, अपराध में विकास हो रहा है.
'क्राइम हो सकता है… अपराध नहीं'
बता दें कि बीते मंगलवार (03 नवंबर) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि हमारे यहां क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं. इस बयान के बाद उनकी खूब किरकिरी हो रही है. सोशल मीडिया पर उनके बयान का वीडियो वायरल हो रहा है.
यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार से मिले सम्राट चौधरी, CM ने बिहार में अपराध पर अब क्या कहा?
जेडीयू ने किया सम्राट चौधरी का बचाव
सम्राट चौधरी ने कहा था, "हमारे यहां कोई अपराध नहीं है... अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है… क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं." मुख्यमंत्री के इस बयान का समर्थन करते हुए जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि सम्राट के कहने का मतलब संगठित अपराध से था कि कोई गिरोह एकजुट होकर खुली चुनौती नहीं दे रहा है.
हालांकि मुख्यमंत्री के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीते मंगलवार को ही एक्स पर पोस्ट करते हुए तंज कसा था. अब तेज प्रताप ने भी हमला बोला है.
यह भी पढ़ें- असम सरकार के बहुविवाह वाले फैसले पर JDU बोली- 'दशरथ ने 3 शादियां की थीं'






















