एक्सप्लोरर
चंडीगढ़ में भी सरकार ने की पेट्रोल-डीजल पर वैट में कटौती, जानें नई कीमतें
चंडीगढ क्षेत्र में इस कटौती के बाद ईंधन का दाम आसपास के क्षेत्रों से सस्ता हो जायेगा. मोहाली के मुकाबले चंडीगढ़ में डीजल 2.23 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो जायेगा.

चंडीगढ़: केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में कल से ईंधन के दाम कम हो जायेंगे. शहर प्रशासन ने पेट्रोल, डीजल पर वैट कम करने का फैसला किया है. चंडीगढ़ प्रशासन ने आज घोषणा की है कि डीजल या हाई स्पीड डीजल पर वैट की दर को 16.40 प्रतिशत से घटाकर 11.40 प्रतिशत कर दिया जायेगा. इसी प्रकार पेट्रोल और ब्रांडेड पेट्रोल पर वैट दर को 24.74 प्रतिशत से घटाकर 19.74 प्रतिशत कर दिया गया है. केन्द्र शासित प्रदेश में इस कटौती के बाद डीजल का दाम 57.68 रुपये प्रति लीटर से घटकर 55.20 रुपये लीटर रह जायेगा, जबकि पेट्रोल का दाम 2.74 रुपये प्रति लीटर कम होकर 65.66 रुपये लीटर रह जायेगा. चंडीगढ क्षेत्र में इस कटौती के बाद ईंधन का दाम आसपास के क्षेत्रों से सस्ता हो जायेगा. मोहाली के मुकाबले चंडीगढ़ में डीजल 2.23 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो जायेगा. इसके साथ ही चंडीगढ़ और मोहाली में पेट्रोल के दाम में 8.11 रुपये प्रति लीटर का अंतर आ जायेगा. मोहाली में इस समय पेट्रोल का दाम 73.77 रुपये लीटर है जबकि चंडीगढ़ में ताजा कटौती के बाद यह 65.66 रुपये लीटर रह जायेगा. बहरहाल, चंडीगढ़ प्रशासन के इस कदम को लेकर आसपास के जिलों के पेट्रोल पंप डीलरों ने चिंता जताई है. मोहाली, पंचकुला, रूपनगर के पंप डीलरों का कहना है कि इससे उनके कारोबार पर बुरा असर पड़ेगा.
और पढ़ें
Source: IOCL

























