Home Projector Setup: प्रोजेक्टर लगाने की ये गलती बिगाड़ सकती है स्क्रीन, जानें सही सेटअप
घर पर बड़ी स्क्रीन पर फिल्में और लाइव मैच देखने का मजा प्रोजेक्टर के गलत सेटअप से खराब हो सकता है. जानें प्रोजेक्टर को दीवार से कितनी दूर रखना चाहिए और बेहतर पिक्चर के लिए किन बातों का ध्यान रखें.

- ऑटोफोकस, कीस्टोन करेक्शन सुविधाएँ तस्वीर सुधारने में सहायक होती हैं.
घर पर सिनेमा जैसा एक्सपीरियंस लेने के लिए अब बड़ी टीवी स्क्रीन ही एकमात्र ऑप्शन नहीं रह गई है. प्रोजेक्टर की मदद से दीवार पर बड़ी तस्वीर बनाकर फिल्में, वेब सीरीज और लाइव मैच देखने का मजा लिया जा सकता है, हालांकि सिर्फ महंगा प्रोजेक्टर खरीद लेने से शानदार पिक्चर क्वालिटी की गारंटी नहीं मिलती है. इसे कमरे में कहां रखा गया है, दीवार से इसकी दूरी कितनी है और कमरे में कितनी रोशनी आती है, इन बातों का भी स्क्रीन पर दिखने वाली तस्वीर पर असर पड़ता है. गलत दूरी पर प्रोजेक्टर रखने से तस्वीर धुंधली या कम चमकदार दिखाई दे सकती है. ऐसे में इसे खरीदने और लगाने से पहले कुछ जरूरी बातों को समझना फायदेमंद हो सकता है.
प्रोजेक्टर को दीवार से कितनी दूर रखें?
प्रोजेक्टर के लेंस से स्क्रीन तक की दूरी को थ्रो डिस्टेंस कहा जाता है. इसी के आधार पर प्रोजेक्टर को लॉन्ग थ्रो, शॉर्ट थ्रो और अल्ट्रा शॉर्ट थ्रो कैटेगरी में बांटा जाता है. लॉन्ग थ्रो प्रोजेक्टर आमतौर पर बड़ी जगहों पर इस्तेमाल होते हैं और इन्हें स्क्रीन से करीब 10 फीट या उससे ज्यादा दूर रखा जाता है. शॉर्ट थ्रो मॉडल को लगभग 3 से 8 फीट की दूरी पर रखा जा सकता है. वहीं अल्ट्रा शॉर्ट थ्रो प्रोजेक्टर दीवार से महज कुछ इंच से लेकर करीब 4 फीट की दूरी पर काम करने के लिए बनाए जाते हैं.
स्क्रीन का साइज तय करने से पहले समझें थ्रो रेशियो
प्रोजेक्टर लगाने की सही दूरी जानने के लिए थ्रो रेशियो देखना जरूरी है. इसे प्रोजेक्टर और स्क्रीन के बीच की दूरी को स्क्रीन की चौड़ाई से भाग देकर निकाला जाता है. अगर प्रोजेक्टर स्क्रीन से 8 फीट दूर है और तस्वीर की चौड़ाई 4 फीट है, तो इसका थ्रो रेशियो 2 होगा. इसी तरह अगर किसी प्रोजेक्टर का थ्रो रेशियो 1.35 से 2.84 है और स्क्रीन की चौड़ाई 6 फीट रखनी है, तो उसे करीब 8.1 से 17 फीट की दूरी पर लगाया जा सकता है, हालांकि सही दूरी संबंधित मॉडल की स्पेसिफिकेशन पर निर्भर करेगी.
यह भी पढ़ें - Smartphone Launches : iQOO Neo 12 और Huawei के नए फोन लॉन्च, जानें इनमें क्या खास?
ज्यादा दूरी से तस्वीर की क्वालिटी हो सकती है खराब
प्रोजेक्टर को जरूरत से ज्यादा दूर रखने पर तस्वीर की चमक और कंट्रास्ट कम हो सकते हैं. ऐसे में स्क्रीन पर सफेद धुंध जैसी लेयर दिखाई दे सकती है और रंग पहले जैसे गहरे नहीं दिखते हैं. दूरी बढ़ने पर तस्वीर का फोकस भी प्रभावित हो सकता है, जिससे 4K प्रोजेक्टर की तस्वीर भी धुंधली नजर आ सकती है.
ऑटोफोकस और कीस्टोन करेक्शन भी हैं जरूरी
ऑटोफोकस तस्वीर को अपने आप साफ करने में मदद करता है. वहीं कीस्टोन करेक्शन की मदद से प्रोजेक्टर को तिरछा रखने पर भी तस्वीर को सीधा और सही साइज में दिखाया जा सकता है. ये फीचर खासकर पोर्टेबल प्रोजेक्टर या ऐसी जगहों पर यूजफुल हैं, जहां डिवाइस को बिल्कुल सही स्थिति में रखना संभव नहीं होता है, हालांकि बेहतर तस्वीर के लिए प्रोजेक्टर को स्क्रीन के सामने सही तरीके से रखना ही बेहतर रहता है.
यह भी पढ़ें - iPhone Duo Screen : iPhone Duo के हिंज और स्क्रीन का कनेक्शन, कहां पैदा हो सकता है दबाव?






















