eSIM Transfer: ई-सिम को दूसरे फोन में करना है ट्रांसफर? जान लें क्या है तरीका
eSIM Transfer नया फोन लेते ही पुराने फोन से ई-सिम ट्रांसफर करना मुश्किल लगता है. इस दौरान की गई एक छोटी सी गलती आपके नंबर को बंद कर सकती है. घर बैठे ऐसे मिनटों में ई-सिम नए फोन में करें शिफ्ट.

- ई-सिम सुरक्षा के लिए बेहतर, पुराने से नए फोन में ऐसे करें ट्रांसफर।
- जियो-एयरटेल ऐप या SMS द्वारा आसानी से ई-सिम ट्रांसफर करें।
- आईफोन, एंड्रॉइड में त्वरित सुविधा से ई-सिम ट्रांसफर करें।
- नए फोन में नेटवर्क आने तक पुराना फोन ऑन रखें।
जब लोग पुराना फोन बदलकर नया फोन लेते हैं. तो तुरंत अपने पुराने फोन की सिम निकालकर नए फोन में डाल लेते हैं. इस काम में लोगों को बस कुछ सेकेंड ही लगते हैं बस एक छोटी सी पिन से तुरंत यह काम हो जाता है. लेकिन आज के समय में ई-सिम का चलन भी काफी बढ़ गया है. आजकल एप्पल आईफोन से लेकर सैमसंग और गूगल पिक्सल जैसे तमाम प्रीमियम फोन्स में लोग सेफ्टी और सुविधा के लिए ई-सिम का इस्तेमाल करने लगे हैं.
ई-सिम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि फोन चोरी होने पर कोई भी चोर सिम निकालकर फेंक नहीं सकता जिससे फोन को ट्रैक करना आसान रहता है. हालांकि जब पुराने फोन को बदलकर नए फोन में ट्रांसफर करने की बारी आती है तो ज्यादातर लोगों को ई-सिम ट्रांसफर करने का सही प्रोसेस पता नहीं होता. चलिए आज आपको बताते हैं कैसे घर बैठे एक फोन से दूसरे फोन में ई-सिम ट्रांसफर करते हैं.
जियो और एयरटेल यूजर्स ऐप और SMS से ऐसे करें ट्रांसफर
भारत में रिलायंस जियो और एयरटेल के करोड़ों यूजर्स हैं और इन दोनों कंपनियों ने ई-सिम ट्रांसफर करने की प्रोसेस को काफी आसान बना दिया है. अगर आप एयरटेल यूजर हैं तो अपने नए फोन में एयरटेल थैंक्स ऐप डाउनलोड करके लॉग-इन करें और अपग्रेड टू ई-सिम के ऑप्शन पर जाएं. वहां नए फोन का ईआईडी नंबर दर्ज करने के बाद आपकी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर एक क्यूआर कोड आ जाएगा. जिसे स्कैन करते ही नए फोन में सिम एक्टिवेट हो जाएगी.
वहीं जियो यूजर्स को अपने पुराने फोन से GETESIM के बाद नए फोन का 32 अंकों का ईआईडी और 15 अंकों का IMEI नंबर लिखकर 199 पर एसएमएस भेजना होता है. इसके बाद आपके पास एक कन्फर्मेशन मैसेज और ईमेल पर क्यूआर कोड या एक्टिवेशन कोड आता है. ध्यान रखें कि दोनों ही नेटवर्क पर सेफ्टी कारणों से वेरिफिकेशन के लिए एक ऑटोमैटिक कॉल आती है जिस पर सहमति देने के करीब दो घंटे बाद नए फोन में नेटवर्क आ जाता है.

आईफोन से आईफोन और एंड्रॉयड में ट्रांसफर
अगर आप पुराने आईफोन से नए आईफोन पर शिफ्ट हो रहे हैं या फिर दो लेटेस्ट एंड्रॉयड फोन्स के बीच सिम बदल रहे हैं. तो काम और भी आसान है. एप्पल अपने ios में ई-सिम क्विक ट्रांसफर का शानदार फीचर देता है. जिसके लिए आपको टेलीकॉम कंपनी को मैसेज भेजने की भी जरूरत नहीं पड़ती. बस अपने दोनों आईफोन को आसपास रखें, दोनों का ब्लूटूथ और Wi-Fi ऑन करें और एक ही एप्पल आईडी से लॉग-इन रखें.
इसके बाद नए आईफोन की सेटिंग्स में जाकर मोबाइल सर्विस और फिर ऐड ई-सिम पर टैप करें. वहां आपको Transfer From Nearby iPhone का ऑप्शन दिखेगा. इस पर क्लिक करते ही पुराने आईफोन की स्क्रीन पर एक पॉप-अप आएगा जिसे अप्रूव करते ही और वेरिफिकेशन कोड डालते ही कुछ मिनटों में सिम नए फोन में आ जाएगी. इसी तरह अब गूगल ने भी एंड्रॉयड फोन्स के लिए ई-सिम ट्रांसफर टूल दे दिया है जिससे सेटअप के दौरान ही क्यूआर कोड स्कैन करके एक एंड्रॉयड से दूसरे में सिम शिफ्ट हो जाती है.
यह भी पढ़ें: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों का सालाना टर्नओवर कितना? होश उड़ा देगी रकम
ई-सिम शिफ्ट करते वक्त न करें यह गलतियां
एक फोन से दूसरे फोन में ई-सिम ट्रांसफर करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है वरना आपका नंबर कई दिनों के लिए बंद पड़ सकता है. सबसे बड़ी गलती जो लोग करते हैं वह है नए फोन में सिम चालू होने से पहले ही पुराने फोन से ई-सिम प्रोफाइल को डिलीट कर देना और पुराने फोन को फॉर्मेट मार देना. जब तक नए फोन में नेटवर्क के पूरे सिग्नल न आ जाएं. तब तक पुराने फोन को चालू हालत में अपने पास रखें क्योंकि वेरिफिकेशन का ओटीपी और कॉल पुराने नंबर पर ही आती है.

इसके अलावा जिस वक्त आप नए फोन में क्यूआर कोड स्कैन कर रहे हों उस समय नए फोन का किसी स्टेबल Wi-Fi नेटवर्क से जुड़ा होना बेहद जरूरी है. एक बात का और ध्यान रखें कि सेफ्टी नियमों के तहत ई-सिम ट्रांसफर होते ही अगले 24 घंटे के लिए उस नंबर पर SMS सर्विस बंद कर दी जाती है. इसलिए UPI या बैंकिंग से जुड़ा कोई जरूरी काम हो तो उसे सिम ट्रांसफर करने से पहले ही निपटा लें.
यह भी पढ़ें: Flipkart Discount: आईफोन खरीदना है तो ले आएं SBI कार्ड, मिल जाएगा इतना डिस्काउंट






















