मुंबई में निर्माणाधीन बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिरा मजदूर, दर्दनाक मौत
वसई इलाके में निर्माणाधीन बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई. अब इसको लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि मजदूर ने न हेलमेट और न सुरक्षा बेल्ट पहनी थी.

महाराष्ट्र के मुंबई में उपनगर वसई ईस्ट के नवजीवन इलाके में मंगलवार को हयात हेरिटेज की अंडर-कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग से गिरकर एक मज़दूर की मौत हो गई है. मरने वाले मजदूर का नाम रंजीत प्रसाद है. मजदूर की मौत से साइट पर हड़कंप मच गया.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इसके साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरूआती जांच में लापरवाही से मौत का कारान माना जा रहा है. उधर मजदूर की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया है.
यह भी पढ़ें: अमित शाह से मुलाकात के बाद NCP ने साफ की तस्वीर, 'सुनेत्रा पवार के निर्देश पर...'
बिल्डिंग के टॉप फ्लोर पर काम चल रहा था
जानकारी के मुताबिक, रंजीत प्रसाद कारपेंटर का काम कर रहा था. जबकि बिल्डिंग के टॉप फ्लोर पर स्लैब का काम चल रहा था. काम के दौरान उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह सीधे 14वीं मंज़िल से गिर गया. जिस कारण इस हादसे में उसकी मौत हो गई. मौके पर काम कर रहे बाकी मजदूरों में भी घटना के बाद दहशत मच गयी.
मजदूर ने नहीं पहना था हेलमेट
इस घटना के बाद, कंस्ट्रक्शन साइट्स पर मज़दूरों की सेफ्टी का गंभीर मुद्दा फिर से सामने आ गया है. मौके पर मजदूर ने हेलमेट नहीं पहना था, सेफ्टी बेल्ट नहीं पहनी थी, और ऐसा दिख रहा है कि स्लैब वर्क साइट पर कोई सेफ्टी नेट नहीं लगाया गया था. सवाल यह है कि क्या कंस्ट्रक्शन मज़दूर और कॉन्ट्रैक्टर मज़दूरों की सेफ्टी के लिए ज़रूरी कदम उठा रहे हैं.
वसई-विरार इलाके में कंस्ट्रक्शन साइट्स पर पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं. पेल्हर पुलिस ने इस मामले में ADR फाइल कर दी है, और अब इस बात पर ध्यान दिया जा रहा है कि संबंधित कॉन्ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन प्रोफेशनल के खिलाफ क्या एक्शन लिया जाता है. अगर ज़रूरी सेफ्टी इक्विपमेंट और सेफ्टी नेट मौजूद होते, तो शायद इस मज़दूर की जान बच सकती थी.
यह भी पढ़ें: NCP पर एकनाथ शिंदे गुट को दो टूक, 'वो हमारी सहयोगी पार्टी जरूर है लेकिन...'






















