दिल्ली में रातभर बारिश के बाद गिरा तापमान, आज फिर बादल बरसने के आसार
दिल्ली में शनिवार रात बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने के बाद रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. बारिश के बाद राजधानी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.

दिल्ली में शनिवार (24 अक्टूबर) रात बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने के बाद रविवार (25 अक्टूबर) को न्यूनतम तापमान गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी. बारिश के बाद राजधानी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि मौसम विभाग ने रविवार को भी गरज के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है.
दिल्ली में दर्ज की गई 4.4 मिलीमीटर बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार रात साढ़े आठ बजे से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दिल्ली में 4.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इससे पहले, एक दिन पहले शहर का न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. आईएमडी के अनुसार, रविवार को न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा.
मौसम विभाग ने रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई है. वहीं, सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई. बारिश के बीच राजधानी के मौसम में बदलाव देखने को मिला.
यह भी पढ़ें: 'उन्हें तुरंत पाकिस्तान...', फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भड़के मौलाना साजिद रशीदी
दिल्ली का AQI 167, मध्यम श्रेणी में हवा
‘समीर’ ऐप के अनुसार, रविवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 167 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है. हालांकि, वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाले 54 केंद्रों में से 11 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई.
इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली में सबसे अधिक AQI 245 दर्ज किया गया, जबकि अलीपुर में यह 233 रहा. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, AQI को शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली स्कूल में छात्रा ने आग लगाकर दी जान, बैग से मिला 3 पन्नों का सुसाइड नोट





















