शाहजहांपुर: पुलिस ने जारी किया लापता लड़की का पोस्टर, हॉस्टल का कमरा किया सील
यूपी के शाहजहांपुर से लापता लड़की की तलाश में पुलिस जुटी हुई है. पुलिस ने लड़की की तलाश के लिए पोस्टर लगाए हैं साथ ही उसके हॉस्टल वाले कमरे को भी सील कर दिया गया है.

शाहजहांपुर: पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद प्रकरण में कथित रूप से लापता लड़की को तलाश करने के लिए स्थानीय पुलिस ने गुरूवार को पोस्टर जारी किया है. शहर के महाविद्यालय में एलएलएम करने वाली एक छात्रा गायब है. छात्रा ने 24 अगस्त को एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करके आरोप लगाया था कि स्वामी चिन्मयानंद ने कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर दी है और उसके व उसके परिवार को जान का खतरा है.
पुलिस अधीक्षक (नगर) दिनेश त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को बताया कि अपहृत के तलाश के लिए पोस्टर जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि यह सामान्य प्रक्रिया है. पोस्टर में लिखा है कि शहर निवासी 23 वर्षीय एलएलएम की छात्रा 23 अगस्त से अपने हॉस्टल से गायब है. इस संबंध में उसके पिता ने कोतवाली शाहजहांपुर में मुकदमा धारा 364 506 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है.
सुप्रीम कोर्ट ने लिया संज्ञान
बीजेपी नेता स्वामी चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली छात्रा के लापता होने के मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया है और आज इस पर सुनवाई होगी. कुछ महिला वकीलों ने कोर्ट को घटना की जानकारी देते हुए संज्ञान लेने का अनुरोध किया था. जस्टिस भानुमति और जस्टिस बोपन्ना की बेंच में सुनवाई होगी. स्वामी चिन्मयानंद मामले में पीड़िता की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है लेकिन पुलिस को हाथ कुछ भी नहीं लग रहा है.
आखिरी लोकेशन थी दिल्ली
पीड़ित लड़की के मोबाइल की आखिरी लोकेशन दिल्ली थी. यहां वो किसी लड़के के साथ आई थी. एक होटल की सीसीटीवी फुटेज में भी उसे देखा गया है. पुलिस जब तब वहां पहुंची तब तक लड़की वहां से निकल चुकी थी. पुलिस रिश्तेदार, दोस्तों और परिचितों पर भी निगाहें बनाये हुए है और उनकी गतिविधियों पर नजर रखे है. चिन्मयानंद पुलिस के शिकंजे से फिलहाल इसलिए बचे हुए हैं क्योंकि पीड़िता ने पुलिस के सामने अपने बयान दर्ज नहीं कराये हैं.
कमरा किया गया सील
कथित पीड़ित लड़की के छात्रावास का कमरा पुलिस ने सील कर दिया है. शहर कोतवाल प्रवेश सिंह ने गुरुवार को बताया कि स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय परिसर में बने छात्रावास में लड़की रहती थी, जिसे बुधवार देर शाम सील कर दिया गया ताकि सबूतों के साथ छेड़छाड़ न की जा सके. साथ ही किसी भी बाहरी व्यक्ति के छात्रावास में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.




















