तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को दी बधाई, कहा- आशा करता हूं प्रधानमंत्री लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए पीएम मोदी को बधाई दी. इसके साथ ही महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने डटकर लड़ाई लड़ी.

Lok Sabha Election Results 2019: बिहार में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि वे आशा करते हैं कि पीएम लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे. तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि जनादेश का सम्मान करते हुए नरेंद्र मोदी को जीत की हार्दिक बधाई देता हूं. आशा करते है कि इस कार्यकाल में रोजगार, कृषि, विकास और अर्थव्यवस्था पर ध्यान देकर प्रधानमंत्री लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे.
अपने एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा, ''हम अपने कार्यकर्ताओं व महागठबंधन के सभी साथियों को हार्दिक धन्यवाद और बधाई देते है कि उन्होंने डटकर लड़ाई लड़ी. हम हार-जीत के कारणों का विश्लेषण कर गांधी, जेपी, लोहिया और जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों पर अडिग रहते हुए साथ मिलकर बड़ी लड़ाई लड़ेंगे और जीतेंगे.
जनादेश का सम्मान करते हुए श्री नरेंद्र मोदी जी को जीत की हार्दिक बधाई देता हूँ। आशा करते है कि इस कार्यकाल में रोजगार, कृषि, विकास और अर्थव्यवस्था पर ध्यान देकर प्रधानमंत्री जी लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) May 23, 2019
बिहार में अब तक के रूझानों में एनडीए 40 में से 39 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. आरजेडी की मीसा भारती पाटलिपुत्र सीट से पीछे चल रही हैं. इसके अलावा बेगूसराय सीट से तनवीर हसन चुनाव हार गए हैं. इसके अलावा अन्य सीटों पर आरजेडी कैंडिडेट बहुत पीछे चल रहे हैं. आरजेडी इस बार बिहार की 19 सीटों पर लड़ी. वहीं शाम सवा सात बजे तक की गिनती के मुताबिक बिहार में बीजेपी ने दो सीटें जीत ली हैं और 15 पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं 16 सीटों पर जेडीयू ने बढ़त हासिल की हुई है. वहीं एलजेपी ने एक सीट जीत ली है और पांच सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. एनडीए में बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी शामिल हैं.
Source: IOCL

























