योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, बदायूं स्टाम्प घोटाले में 13 अफसरों को किया निलंबित
कार्रवाई की जद में बदायूं कोषागार में काम करने वाले 3 वरिष्ठ कोषाधिकारियों के अलावा तहसीलदार स्तर के 10 अधिकारी भी आए हैं. सभी आरोपियों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार का दिन नौकरशाहों के लिए भारी रहा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदायूं कोषागार में स्टाम्प मैनुअल का अनुपालन ना करने और कार्य में कमी के आरोप में 13 अधिकारियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. वहीं किसानों को बीमा क्लेम देने में आनाकानी करने वाली बीमा कंपनियों के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए गए हैं.
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले बदायूं कोषागार में कार्यरत स्टाफ ने मिलीभगत करके करीब पांच करोड़ रुपये का घोटाला किया था. इस मामले की जांच के आदेश शासन स्तर से दिए गए थे. जांच रिपोर्ट में कुल 13 अधिकारियों की मिलीभगत की बात सामने आई. शुक्रवार को पूरे प्रदेश में उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था. इस आयोजन के समाप्त होने के तत्काल बाद इन सभी अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए गए.
एक अन्य मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीमा कंपनियों द्वारा क्लेम ना दिए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया है. मुख्यमंत्री सर्वहित किसान बीमा योजना का क्लेम देने में बीमा कंपनी की शिकायत को देखते हुए बीमा कंपनी के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं. बाराबंकी में बड़ी संख्या में किसानों को बीमा क्लेम देने में आनाकानी की शिकायतें आ रही थीं. इसे देखते हुए यह कार्रवाई की गई है.
ये भी पढ़ें-
अब मॉर्निंग वॉक करिए और फुट एनर्जी से चार्ज हो जाएगा आपका मोबाइल
Source: IOCL

























