राहुल पर राजनाथ का निशाना, कहा- जो संसद की गरिमा नहीं रख सकता, वह पीएम बनने का सपना देख रहा है
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संसद में गले लगाने की घटना को "चिपको अभियान" करार देते हुए सिंह ने कहा, "जो संसद की गरिमा नहीं बनाए रख सकता वह प्रधानमंत्री बनने का स्वप्न देख रहा है."

मेरठ: गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो व्यक्ति "संसद की गरिमा नहीं रख सकता वह प्रधानमंत्री बनने का स्वप्न देख रहा है." उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस एवं विपक्षी दलों को केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार का काम पच नहीं रहा है और कांग्रेस की काठ की हांडी दोबारा नहीं चढ़ेगी.
राजनाथ ने कहा कि हम राजनीति सत्ता चलाने के लिए नहीं, देश चलाने के लिए करते हैं. उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को यहां संबोधित करते हुए यह बात कही. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मस्तक ऊंचा हुआ है.
भाजपा के दिग्गज नेता ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शासन चलाने में कामयाब रहे हैं. उन्होंने दावा किया, "मेरा विश्वास पक्का हो गया है और सभी को देखने के बाद यह यकीन हो गया है कि जीत का एक्सप्रेस-वे यूपी से गुजरेगा.

Source: IOCL