जिंदा ईंट क्या है, इससे मंगल ग्रह पर कैसे होगा घरों का निर्माण?
हांगकांग के वैज्ञानिकों ने जिंदा ईंट बनाई है, जिससे मंगल ग्रह की परिस्थितियों में 3D प्रिंटर द्वारा मजबूत घर बनाए जा सकेंगे. आइए जानें कि यह जिंदा ईंट क्या होती है और इससे मंगल पर घर कैसे बनेंगे.

अंतरिक्ष वैज्ञानिक काफी समय से मंगल ग्रह पर इंसानी बस्ती बसाने के सपनों को हकीकत में बदलने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, वहां सबसे बड़ी चुनौती इंसानों के रहने के लिए मजबूत घर और बेस तैयार करने की है. पृथ्वी से भारी मात्रा में सीमेंट, सरिया या ईंटें मंगल तक ले जाना आर्थिक और व्यावहारिक दोनों ही रूपों में लगभग असंभव है. इस बड़ी समस्या का समाधान ढूंढते हुए हांगकांग के शोधकर्ताओं ने एक नई 'लिविंग बिल्डिंग मटेरियल' यानी जिंदा ईंट विकसित की है। यह अनोखा पदार्थ यीस्ट, जिलेटिन और स्थानीय रेत की मदद से तैयार होगा, जिसे रोबोटिक 3D प्रिंटर के जरिए मंगल के विषम माहौल में भी आसानी से ढाला जा सकेगा.
मंगल ग्रह की कठिन परिस्थितियां और पारंपरिक तरीके
लाल ग्रह पर घर बनाना किसी बड़े मिशन से कम नहीं है. वहां का वातावरण बेहद असामान्य है, जहां औसतन तापमान शून्य से 30 से 50 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर जाता है और हवा का दबाव पृथ्वी के मुकाबले काफी कम है. पहले वैज्ञानिक मंगल की लाल मिट्टी (रेगोलिथ) को लगभग 1000 डिग्री सेल्सियस के अत्यधिक तापमान पर तपाकर ईंटें बनाने का विचार कर रहे थे. लेकिन इस प्रक्रिया के लिए भारी-भरकम भट्टियों और ऊर्जा चालित मशीनों को अंतरिक्ष में भेजना बेहद महंगा और जोखिम भरा सौदा था. इसी वजह से कम खर्च और कम ऊर्जा में बनने वाले विकल्पों की तलाश तेज हो गई.
क्या है और कैसे तैयार होती है जिंदा ईंठ?
वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की गई यह नई निर्माण सामग्री बायो-इंजीनियरिंग का बेहतरीन नमूना है. इसे बनाने के लिए साधारण रेत के कणों, जिलेटिन आधारित हाइड्रोजेल और विशेष यीस्ट (खमीर) का मिश्रण तैयार किया जाता है. शोधकर्ताओं ने यीस्ट की बाहरी सतह पर खास तरह का चिपकने वाला प्रोटीन जोड़ा है. यह वही जैविक गोंद है जो समुद्री जीवों को समुद्र के भीतर चट्टानों से मजबूती से जोड़े रखता है. यह प्राकृतिक गोंद जिलेटिन और रेत के दानों को आपस में बेहद मजबूती से बांध देता है, जिससे एक टिकाऊ ढांचा तैयार होता है.
यह भी पढ़ें: कैसे हुआ था डायनामाइट का आविष्कार, क्या थी इसे बनाने की वजह?

इससे मंगल पर कैसे पूरी होगी निर्माण की प्रक्रिया?
भविष्य के अंतरिक्ष यात्री अपने साथ पृथ्वी से बेहद हल्का यीस्ट और जिलेटिन का पाउडर लेकर जाएंगे. मंगल ग्रह पर पहुंचकर वहां मौजूद लाल मिट्टी को इस जैविक मिश्रण के साथ थोड़ा सा पानी मिलाकर एक गाढ़े पेस्ट के रूप में तैयार किया जाएगा. इसके बाद इस पेस्ट को रोबोटिक 3D प्रिंटर में डाला जाएगा, जो कंप्यूटर के नक्शे के हिसाब से एक के ऊपर एक परत बिछाते हुए दीवारों और कमरों का ढांचा तैयार करेगा. मंगल का कड़ाके का ठंडा माहौल और बेहद कम हवा का दबाव पेस्ट के पानी को तुरंत सुखा देगा, जिससे संरचना बिना किसी भट्टी के अपने आप सख्त हो जाएगी.
कितनी मजबूत और टिकाऊ होगी यह नई इमारत?
प्रयोगशाला में हुए परीक्षणों में इस नई जिंदा ईंट ने मजबूती के मामले में सभी को हैरान कर दिया है. यीस्ट और जैविक प्रोटीन की मौजूदगी के कारण इस सामग्री की कम्प्रेसिव स्ट्रेंथ (दबाव सहने की क्षमता) लगभग 12 मेगापास्कल दर्ज की गई है. यह सामान्य निर्माण नमूनों की तुलना में करीब 170 प्रतिशत अधिक मजबूत पाई गई है. इतनी ताकत पारंपरिक निर्माण सामग्रियों के बराबर है, जो यह साबित करती है कि यह सिर्फ एक प्रयोग नहीं है बल्कि मंगल पर भारी दबाव और भीषण ठंड को झेलने में पूरी तरह सक्षम है.

पर्यावरण के अनुकूल और भविष्य का टिकाऊ विकल्प
लिविंग मटेरियल की सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि यह आसपास के माहौल और वातावरणीय बदलावों के हिसाब से खुद को ढाल लेता है. मंगल के वातावरण में पानी तेजी से वाष्पीकृत होकर बाहर निकल जाएगा, जिससे ईंट के अंदर मौजूद जैविक गोंद बेहद सख्त हो जाएगी. भारी मशीनरी और टन भार सीमेंट का विकल्प बनकर उभरी यह तकनीक अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में एक नया मील का पत्थर साबित हो सकती है, जो भविष्य के मंगल अभियानों की राह काफी आसान कर देगी.
यह भी पढ़ें: क्यों बढ़ रही डामर की कीमत? 6 महीने में दोगुने हुए दाम





















