Pm Modi 75th Birthday: पीएम मोदी के कितने भाई-बहन, जानें कौन क्या करता है काम?
Pm Modi 75th Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 75वां जन्मदिन है. पीएम सवा सौ करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानते हैं, लेकिन आज जानते हैं कि वे खुद कितने भाई-बहन हैं और कौन क्या करता है.

Pm Modi 75th Birthday: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानि 17 सितंबर 2025 को अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं. वे हर साल अपना जन्मदिन खास तरीके से मनाते हैं. इस खास मौके पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर हर नेता और मंत्री उनको जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं. इस खास मौके पर आज हम पीएम मोदी के भाई-बहनों के बारे में जानेंगे और यह भी जानेंगे कि वे सभी क्या-क्या काम करते हैं.
पीएम मोदी का परिवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक सफर भले ही आज दुनिया भर में चर्चा का विषय हो, लेकिन उनके पारिवारिक जीवन की कहानी आम भारतीय परिवार जैसी ही है. गुजरात के वडनगर में जन्मे नरेंद्र मोदी छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर हैं. उनके पिता दामोदरदास मोदी और मां हीराबेन ने साधारण जीवन व्यतीत करते हुए अपने बच्चों को संस्कार और संघर्ष का पाठ पढ़ाया.
सबसे बड़े भाई सोमभाई मोदी
मोदी परिवार के बड़े बेटे सोमभाई मोदी ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी की थी. अब वह रिटायर होकर अहमदाबाद में एक वृद्धाश्रम का संचालन करते हैं. एक अवसर पर उन्होंने कहा था कि उनके और नरेंद्र मोदी के बीच एक परदा है, वे उनके भाई हैं, प्रधानमंत्री नहीं.
दूसरे नंबर पर अमृतभाई मोदी
अमृतभाई मोदी एक प्राइवेट कंपनी में फिटर की नौकरी करते थे और वहीं से रिटायर हुए हैं. कभी उनकी सैलरी 10 हजार रुपये से ज्यादा नहीं थी. आज वे अहमदाबाद में साधारण मकान में परिवार के साथ रहते हैं. उनकी पत्नी चंद्रकांतबेन गृहिणी हैं, जबकि बेटा संजय छोटा-सा बिजनेस चलाता है. पीएम मोदी से उनकी मुलाकात भी बेहद सीमित रही है.
तीसरे नंबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर राजनीति में आए. गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर 12 साल काम करने के बाद 2014 में वे देश के प्रधानमंत्री बने. आज की तारीख में वे भारत के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं.
प्रह्लाद मोदी- छोटे भाई
प्रह्लाद मोदी अहमदाबाद में किराने की दुकान और टायर शोरूम चलाते हैं. वे सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते हैं. पत्नी भगवतीबेन के निधन के बाद भी उन्होंने परिवार और समाज की जिम्मेदारियों को संभालना जारी रखा. प्रह्लाद मोदी कई मौकों पर कह चुके हैं कि वे भाई होने का कोई विशेष लाभ नहीं उठाते और उनका पीएम मोदी से मिलना-जुलना भी बहुत कम होता है.
इकलौती बहन
मोदी परिवार की इकलौती बहन वसंतीबेन हसमुखलाल मोदी हैं. वे गृहिणी हैं और उनके पति हसमुखलाल भारतीय जीवन बीमा निगम में काम करते थे. वसंतीबेन हमेशा से घरेलू जिम्मेदारियों में व्यस्त रही हैं.
सबसे छोटे भाई
पीएम मोदी के सबसे छोटे भाई पंकज मोदी गांधीनगर में रहते हैं और गुजरात सूचना विभाग में ऑफिसर हैं. मां हीराबेन के जीवन के अंतिम वर्ष वे उनके साथ ही रहते थे. इसीलिए पीएम मोदी जब भी मां से मिलने आते थे, तब पंकज भाई से उनकी मुलाकात होती रहती थी.
यह भी पढ़ें: PM Modi Birthday: दुनिया में सबसे महंगा बिका था पीएम मोदी का सूट, ओबामा से भी इसका कनेक्शन























