Bollywood News: 21 साल बाद फिर लौटेगी सुरों की जादुई जोड़ी, Udit Narayan और Kumar Sanu की होगी वापसी! (26.10.26)
बॉलीवुड के संगीत प्रेमियों के लिए एक ऐसी खबर सामने आई है, जो 90 के दशक के सुनहरे दौर की यादें ताजा कर देगी। अपनी सुरीली आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले उदित नारायण और कुमार सानू पूरे 21 साल बाद एक बार फिर साथ गाना गाते सुनाई देंगे। दोनों दिग्गज सिंगर्स की यह वापसी फैंस के लिए किसी म्यूजिकल ट्रीट से कम नहीं है। खास बात यह है कि यह शानदार जोड़ी सनी देओल की अपकमिंग फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के गाने ‘सुनियो जरा’ के लिए साथ आई है। इससे पहले दोनों ने साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म ‘नो एंट्री’ के गाने ‘कहां हो तुम’ में साथ अपनी आवाज दी थी। अब इतने लंबे इंतजार के बाद उनकी आवाजों का जादू एक बार फिर सुनने को मिलने वाला है। इस गाने में उदित नारायण और कुमार सानू के साथ सिंगर अनुपम अमोद भी अपनी आवाज देंगे। गाने का संगीत RAAHEE ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं। बताया जा रहा है कि यह गाना दोस्ती और साथ निभाने के खूबसूरत एहसास को दर्शाएगा। गाने का टीजर 26 अक्टूबर को और पूरा गाना 27 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने की उम्मीद है। ऐसे में सवाल यही है कि क्या 90 के दशक की तरह एक बार फिर इन दोनों की आवाजें दर्शकों के दिलों में वही पुराना जादू जगाने में कामयाब होंगी? फिलहाल, इस म्यूजिकल रीयूनियन ने बॉलीवुड म्यूजिक लवर्स की उत्सुकता बढ़ा दी है।






















