अब इंटरनेशनल फ्लाइट में भी चलेगी Digi Yatra एप, 7 एयरपोर्ट पर ट्रायल शुरू
Digi Yatra की सुविधा अब इंटरनेशनल फ्लाइट्स में भी शुरू होने जा रही है. इसके लिए ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है. इसके लिए 7 अलग- अलग एयरपोर्ट्स चुने गए हैं. यहां देखें लिस्ट.

विदेश जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अब इंटरनेशनल फ्लाइट से सफर करने वाले यात्री भी Digi Yatra की सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे. अभी तक यह सुविधा सिर्फ घरेलू उड़ानों के लिए थी. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने देश के 7 बड़े एयरपोर्ट पर इसका ट्रायल शुरू कर दिया है.
किन 7 एयरपोर्ट पर शुरू हुआ ट्रायल?
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, कोच्चि और अमृतसर एयरपोर्ट पर नवंबर से दिसंबर 2026 तक इसका ट्रायल चलेगा. इस दौरान एयर इंडिया और इंडिगो की कुछ चुनिंदा इंटरनेशनल फ्लाइट के यात्री इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे.
कौन उठा सकेगा इसका फायदा?
फिलहाल यह सुविधा सिर्फ भारतीय नागरिकों के लिए है जिनके पास ई-पासपोर्ट है. यात्री एयरपोर्ट के एंट्री गेट, सिक्योरिटी चेक और बोर्डिंग गेट पर Digi Yatra का इस्तेमाल कर सकेंगे. हालांकि यह सुविधा उन्हीं जगहों पर मिलेगी जहां इसके लिए जरूरी सिस्टम मौजूद है.
कैसे काम करेगी Digi Yatra?
यात्रियों को अपने मोबाइल में Digi Yatra ऐप के जरिए डिजिटल पहचान बनानी होगी. इसके लिए सबसे पहले ई-पासपोर्ट के फोटो वाले पेज पर मौजूद कोड को स्कैन करना होगा. इसके बाद मोबाइल के NFC फीचर से पासपोर्ट में लगी चिप की जानकारी पढ़ी जाएगी.
आखिर में यात्री को अपनी सेल्फी लेनी होगी और जानकारी की पुष्टि करनी होगी. इसके बाद डिजिटल पहचान मोबाइल के Digi Yatra वॉलेट में सेव हो जाएगी. एयरपोर्ट पर इसी पहचान के जरिए यात्री की पहचान की जा सकेगी. इसके लिए NFC फीचर वाला स्मार्टफोन जरूरी होगा.
पासपोर्ट और इमिग्रेशन के नियम नहीं बदलेंगे
मंत्रालय ने साफ किया है कि Digi Yatra शुरू होने का मतलब यह नहीं है कि यात्रियों को पासपोर्ट या दूसरे दस्तावेजों की जरूरत नहीं होगी. सभी यात्रियों को अपने जरूरी दस्तावेज साथ रखने होंगे. एयरलाइन की डॉक्यूमेंट जांच और इमिग्रेशन की प्रक्रिया भी पहले की तरह ही होगी यानी Digi Yatra सिर्फ एयरपोर्ट पर पहचान और एंट्री की प्रक्रिया को आसान बनाएगी यह पासपोर्ट और इमिग्रेशन जांच का विकल्प नहीं है.
2027 में बाकी एयरपोर्ट तक भी पहुंचेगी सुविधा
फिलहाल ट्रायल के दौरान यात्रियों का फीडबैक लिया जाएगा. इसके बाद 2027 में इसे ज्यादा एयरपोर्ट और इंटरनेशनल फ्लाइट तक पहुंचाने की योजना है.
Digi Yatra का अब तक का सफर
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 2.65 करोड़ से ज्यादा लोग Digi Yatra से जुड़ चुके हैं. देश के 39 घरेलू एयरपोर्ट पर इसके जरिए 11 करोड़ से ज्यादा यात्राएं हो चुकी हैं. 2027 तक 25 और घरेलू एयरपोर्ट पर भी यह सुविधा शुरू करने की योजना है.
सरकार का कहना है कि इंटरनेशनल उड़ानों में Digi Yatra का विस्तार हवाई सफर को ज्यादा आसान और तेज बनाने की दिशा में एक कदम है.
ये भी पढ़ें: बेंगलुरु से मुंबई वंदे भारत स्लीपर शुरू, रात 7:45 पर निकलेगी, समझें रूट






















