सस्ता फ्लैट खरीदने के चक्कर में कर ना बैठें ये गलतियां! एक चूक पड़ सकती है भारी
सस्ते फ्लैट को खरीदने की जल्दबाजी में कहीं आप भी तो अपने लिए परेशानी तो नहीं खड़ी कर रहे हैं? फ्लैट खरीदते समय आपको कुछ बातों की जानकारी होना बेहद जरूरी है.

जिंदगी में हर व्यक्ति चाहता है कि उसके पास एक खुद का घर हो एक अच्छी गाड़ी हो और साथ में अच्छी नौकरी हो. वहीं जीवन में एक बार अपना घर खरीदना तो हर व्यक्ति चाहता है. लेकिन इसके लिए बजट होना भी काफी जरूरी है.
ऐसे में कई बार लोग घर खरीदने के चक्कर में बड़ी गलतियां कर बैठते हैं. खास कर कई बार कम कीमत में फ्लैट का ऑफर दिखते ही लोग सोचते हैं कि ऑफर के खत्म होने से पहले ही सस्ते में फ्लैट खरीद लिया जाए. ऐसे में सस्ते घर के पीछे छिपे सच के बारे में बाद में पता चलता है, इसलिए जब भी फ्लैट खरीदें तो कुछ खास बातों को ध्यान में रखते हुए खरीदना चाहिए.
कम कीमत देखकर न करें फैसला
कई बार लोग फ्लैट खरीदते समय उसकी कीमत पर ज्यादा फोकस करते हैं. लेकिन कई बार विज्ञापन में बताई गई कीमत में सभी तरह के खर्च शामिल हो ये जरूरी नहीं है. क्लब हाउस, पार्किंग और दूसरी चीजों के लिए आपको एक्स्ट्रा चार्ज, स्टाम्प ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस जैसे खर्च अलग से देने पड़ सकते हैं. इसलिए आपके लिए बेहतर ये होगा कि आप बिल्डर से फ्लैट की कुल कीमत और उससे जुड़े दूसरे चार्ज के बारे में जान लें.
कागजात की जांच जरूर करें
अगर आप कम कीमत में मिल रहे फ्लैट को जल्द से जल्द खरीदने की जल्दबाजी में जरूरी दस्तावेजों को देखना ही नजरअंदाज कर देते हैं तो ऐसा करना आपके लिए भारी पड़ सकता है. क्योंकि सिर्फ प्रोजेक्ट का RERA में रजिस्टर हो जाना ही सभी महत्वपूर्ण जांच पूरी करने की गारंटी नहीं है. इसलिए चेक करें कि फ्लैट का मालिक कौन है. वहीं फ्लैट से जुड़े कागजात सही है भी नहीं. साथ ही दूसरे जरूरी कागजात को देखना भी न भूलें.
फ्लैट के एरिया को समझना जरूरी
अक्सर लोग बिल्डर की तरफ से बताए गए कुल एरिया को ही उपयोग के लिए मिलने वाली जगह समझ लेते हैं. आमतौर पर प्रॉपर्टी के विज्ञापन में सुपर बिल्ड-अप एरिया बताया जाता है. वहीं कारपेट एयिर उस जगह को कहा जाता है, जिस पर फ्लैट के अंदर सच में इस्तेमाल किया जा सकता है. इसलिए कारपेट एरिया पर ध्यान जरूर दें, क्योंकि इससे आपको इस बारे में समझ आएगा कि आपने जितने पैसे दिए हैं, उसके बदले में सच में आपको कितनी जगह मिल रही है.
सुख-सुविधाएं को रखें ध्यान
सस्ते में फ्लैट खरीद लेना काफी नहीं होता है. फ्लैट खरीदते समय ये भी देखना जरूरी है कि आप जहां पर फ्लैट खरीद रहे हैं, उसके आसपास सारी सुख-सुविधाएं मौजूद है भी या नहीं, जैसे स्कूल, अस्पताल और मार्किट जैसी सुविधाएं. आप वहां आसपास रहने वालों से भी इन सब चीजों के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं.
फ्लैट के लिए लेने वाले हैं लोन?
कई बार लोग फ्लैट खरीदने के लिए लोन लेते हैं, लेकिन लोन लेना काफी नहीं होता है. लोन लेने से पहले आप ये चेक करें कि आप हर महीने EMI चुका सकेंगे या नहीं. कहीं EMI की वजह से आप पर किसी तरह का कोई दबाव तो नहीं बनेगा. क्योंकि अगर आप बिना हिसाब लगाएं, लोन लेते हैं तो ये आगे चलकर आपके लिए आर्थिक परेशानी का कारण बन सकता है.
वहीं, अगर आपको लगता है कि आप EMI आसानी से चुका सकते हैं और आप पर किसी तरह का आर्थिक दबाव नहीं बन रहा है तो आप सबसे पहले अपने CIBIL स्कोर को चेक कर लें. वहीं अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरें भी देखें और अपने बजट को देखते हुए सही विकल्प चुनें. वहीं फ्लैट लेते समय इन बातों का खास ध्यान रखें.
क्रिकेट फैंस के लिए जरूरी खबर, फ्री मैच के नाम पर खाली हो सकता है बैंक अकाउंट






















