'व्यापार को बचाने के लिए कर रहे हैं', बाबा रामदेव के बयान पर AIMIM की प्रतिक्रिया
योग गुरु बाबा रामदेव के ओवैसी को लेकर दिए बयान पर एआईएमआईएम ने पलटवार किया है. पार्टी प्रवक्ता शादाब चौहान ने कहा कि वो अपने व्यापार को बचाने और सरकारी सहायता लेने के लिए ऐसी बातें कर रहे हैं.

योग गुरु बाबा रामदेव के ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को लेकर दिए बयान पर सियासत तेज हो गई हैं. एआईएमआईएम नेता शादाब चौहान ने रामदेव के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि रामदेव के कई फर्जी प्रोडक्ट पकड़े गए हैं, इसलिए वो अपने व्यापार को बचाने के लिए और सरकार से सहायता लेने के लिए ऐसी बातें कर रहे हैं.
दरअसल रामदेव ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया था कि असदुद्दीन ओवैसी कहीं और के लिए अच्छे हो या ना हो. लेकिन, यूपी के बहुत उत्तम हैं क्योंकि कुछ लोगों के वोट कटने से सीएम योगी को बहुत फायदा होगा. उनका इशारा यूपी में मुस्लिम वोट बैंक छिटकने की ओर था. जिस पर AIMIM ने पलटवार किया है.
रामदेव के बयान पर AIMIM का पलटवार
AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने कहा कि "बाबा रामदेव वहीं हैं जिनके फर्जी प्रोडक्ट पकड़े गए हैं. इनकी मैगी में कीड़े और नकली घी के आरोप लगे हैं. तो ये अपने व्यापार को सरकार से सहायता लेने के लिए इस प्रकार की बातें कर रहे हैं और ये यादव है तो यादव जी को भ्रमित करने और उनकी मदद करने के लिए ये काम कर रहे हैं.
बरेली: मुस्लिम बुजुर्ग से लगवाए जय श्रीराम के नारे, बचाने आए हिन्दू युवक को भी पीटा
उन्होंने सपा और बीजेपी पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी नहीं चाहती कि मुसलमानों की लीडरशिप बने और आज़ाद लीडरशिप मुसलमानों की आर्थिक शैक्षिक उन्नति के लिए काम करें, इसलिए रामदेव इस प्रकार की बेहुदा बात कर रहे हैं. उनका कारोबार ठप हो गया, इसके लिए भी वो ओवैसी जी को ज़िम्मेदार ठहरा देंगे.
शादाब चौहान ने कहा कि रामदेव के नकली घी को लोगों ने खरीदना बंद कर दिया है. तो इसकी जिम्मेदारी क्या ये AIMIM पर डालेंगे? निश्चित रूप से सपा की सरकार में उनको अपनी जाति की वजह से लाभ मिला और उनके सस्ते दामों में ज़मीन आवंटित की गई. बीजेपी और सपा की मैच फिक्सिंग में ब्रोकर का रोल अदा करते प्रतीत होते हैं. लेकिन, हमारी पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी और जिस समाज को इन्होंने अछूत बनाकर रखा उसका आज़ाद प्रतिनिधित्व जनता के बीच में नए विकल्प के साथ होगा.






















