फ्लाइट की खिड़की पर टेप देख उठे सवाल, स्पाइसजेट स्टाफ का जवाब वायरल
स्पाइसजेट की फ्लाइट में खिड़की के पास टेप लगा देखकर यात्रियों ने विमान की सुरक्षा पर सवाल उठाए. स्टाफ के जवाब और यात्रियों के साथ बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

हवाई जहाज में सफर करते समय यात्रियों के लिए सुरक्षा सबसे जरूरी होती है. ऐसे में अगर विमान की खिड़की के पास कोई हिस्सा ढीला दिखाई दे, तो सवाल उठना लाजिमी है. ऐसा ही एक मामला स्पाइसजेट की फ्लाइट से सामने आया है. यहां खिड़की के पास टेप लगा देखकर यात्रियों ने स्टाफ से सवाल किए. इस दौरान दोनों के बीच बहस हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
खिड़की पर टेप देखकर यात्रियों ने जताई नाराजगी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक महिला यात्री विमान की खिड़की के पास लगे ढीले टेप की ओर इशारा करती दिखाई देती है. वह स्टाफ से इसकी स्थिति के बारे में पूछती है. यात्रियों को चिंता थी कि खिड़की के पास ऐसा हिस्सा होने से विमान की सुरक्षा पर कोई असर तो नहीं पड़ेगा. वहीं, स्टाफ का कहना था कि विमान उड़ान भरने के लिए सुरक्षित है और कोई परेशानी नहीं है.
स्टाफ ने क्या कहा
बातचीत के दौरान यात्रियों ने स्टाफ से साफ जवाब मांगा. जब बहस बढ़ने लगी, तो एक यात्री ने पूरी घटना का वीडियो बनाने की बात कही. स्टाफ ने उसे रिकॉर्डिंग करने से नहीं रोका और विमान को सुरक्षित बताते हुए अपनी बात दोहराता रहा.
धीरे-धीरे इस बातचीत में दूसरे यात्री भी शामिल हो गए. एक यात्री ने स्टाफ से सवाल किया कि आखिर वह विमान की सुरक्षा की क्या गारंटी दे सकता है. इस पर स्टाफ सदस्य ने कहा कि वह विमान की सुरक्षा की जिम्मेदारी ले रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद विमान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. वीडियो में यह साफ नहीं होता कि खिड़की के पास लगा हिस्सा वास्तव में कितना ढीला था और उसे ढकने के लिए टेप क्यों लगाया गया था.
यह भी पढ़ें :पीले निशान ने बदली किस्मत, खुदाई करने पर हाथ लगा लाखों का सोना
View this post on Instagram
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. कुछ लोगों ने यात्रियों की चिंता को सही बताया और कहा कि विमान की सुरक्षा से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए. वहीं, कुछ यूजर्स ने स्टाफ का समर्थन करते हुए कहा कि विमानन क्षेत्र की तकनीकी जानकारी रखने वाले लोग ही ऐसी स्थिति को बेहतर समझ सकते हैं. इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को एयरलाइन स्टाफ किस तरह संभालता है.
यह भी पढ़ें : कीचड़ में फंसी कार को धक्का दे बाहर निकालने लगा सांड, वीडियो वायरल | bull pushing car stuck in mud viral video






















