मेरठ में जारी है पुलिस का ऑपरेशन जुगाड़, इन वाहनों को देखकर आप हो जाएंगे हैरान
मेरठ में चलता फिरता जुगाड़ सड़कों पर फर्राटा भरते आसानी से देखा जा सकता है. अब इसी चलते फिरते जुगाड़ पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन जुगाड़ चलाया है.

मेरठ, बलराम पांडेय: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस का ऑपरेशन जुगाड़ जारी है. जुगाड़ शब्द से हम सभी बखूबी वाकिफ है. लेकिन क्या कभी आपने चलता फिरता जुगाड़ देखा है. मेरठ में चलता फिरता जुगाड़ सड़कों पर फर्राटा भरते आसानी से देखा जा सकता है. अब इसी चलते फिरते जुगाड़ पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन जुगाड़ चलाया है. दो दिन के ऑपरेशन जुगाड़ में पुलिस को इस कदर कामयाबी मिली है कि पुलिस लाइन में जुगाड़ वाहनों को खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिल रही है. यहां आजकल जुगाड़ वाहनों का जखीरा नजर आ रहा है.
ऑपरेशन जुगाड़ की कामयाबी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो दिन के ऑपरेशन में तकरीबन 55 जुगाड़ वाहनों के जब्त किया गया है. एसपी ट्रैफिक का कहना है कि वो इस शहर को जुगाड़ शून्य कर देंगे, क्योंकि जुगाड़ वाहनों की वजह से ट्रैफिक जाम सबसे बड़ी समस्या हैं.
जुगाड़ वाहनों की बात करें तो किसी गाड़ी में स्कूटर का हैंडल है और साइकिल का पहिया तो किसी में मोटरसाइकिल का हैंडल है और ट्रैक्टर का पहिया. किसी में तो ट्रक तक का इंजन लगा दिया गया है. हर जुगाड़ वाहन खास तरीके से तैयार किया जाता है. इन वाहनों पर न तो कोई नंबर होता है और न ही कोई रजिस्ट्रेशन. इन्हें अब तक कोई पुलिसवाला रोकता टोकता तक नहीं था.
मेरठ पुलिस ने ऑपरेशन जुगाड़ चलाकर ये वाहनों को जब्त कर लिया गया है तो वाहन चालकों का कहना है कि अब वो अपने परिवार का खर्च कैसे चलाएंगे. अवैध रुप से जुगाड़ चला रहे वाहन चालकों का कहना है कि उनके लिए ये वाहन रोजी रोटी का जरिया थे. क्योंकि, इससे वो भारी सामान ढोने के काम करते थे और जो भी पैसा मिलता था उससे परिवार का खर्च चलता था.

मेरठ पुलिस का कहना है कि जुगाड़ वाहनों को जब्त करने के बाद इन्हें डिस्पोज कर दिया जाएगा.और एक भी जुगाड़ वाहन अब सड़कों पर नहीं दौड़ेंगे. जाम की समस्या से जूझ रहे शहर में ऑपरेशन जुगाड़ कितना कारगर साबित हो रहा है ये इसी बात से जाना जा सकता है कि जिन चौराहों पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक जाम लगता था वो अब जाम फ्री हो गए हैं. यह भी पढ़ें:

























