गोरखपुर में आज ट्रैफिक डायवर्जन लागू, BJP की पदयात्रा को लेकर बदले गए रूट
गोरखपुर में बीजेपी आज राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकालने जा रही है. इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है.

गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकालने जा रही है. 4 नवंबर को निकलने वाली इस पदयात्रा को लेकर बड़ा रूट डायवर्जन रहेगा. घर से रोजमर्रा के कार्यों एवं स्कूल कॉलेज को निकालने वाले छात्र-छात्राओं को रूट डायवर्जन का विशेष ध्यान रखना होगा. नहीं तो ट्रैफिक जाम और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है.
ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान
गोरखपुर में 4 नवंबर को प्रस्तावित वीआईपी मूवमेंट एवं महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है. यह व्यवस्था सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी. यातायात पुलिस के अनुसार टीपी नगर से टीडीएम अहलादपुर की ओर आने वाले कामर्शियल वाहन रुस्तमपुर चौराहा-पैडलेगंज चौराहा होकर जाएंगे. वहीं शास्त्री चौराहा से कचहरी की ओर जाने वाले वाहनों को अम्बेडकर चौराहा होकर भेजा जाएगा.
अखिलेश यादव नहीं लड़ेंगे UP चुनाव! बोले- 'अब सीधा CM पद की शपथ लूंगा'
घोष कंपनी से टाउनहाल की ओर आने वाले वाहन शास्त्री चौराहा की तरफ डायवर्ट होंगे. जबकि अग्रसेन तिराहा से टाउनहाल की ओर आने वाले वाहनों को जुबली तिराहा-बक्सीपुर होकर भेजा जाएगा. विजय चौराहा से गणेश चौराहा की ओर आने वाले वाहन सुमेर सागर की तरफ डायवर्ट रहेंगे. सिटी मॉल तिराहा से गणेश चौक की ओर वाहनों का प्रवेश नहीं होगा और उन्हें कार्मल गली रोड से भेजा जाएगा.
इसके अलावा असुरन चौराहा, हट्टठी माई तिराहा, पुलिस लाइन तिराहा और यातायात तिराहा सहित कई प्रमुख मार्गों पर भी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है.
पार्किंग की भी रहेगी विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए विश्वविद्यालय मैदान, गोरखपुर क्लब, नेपाल क्लब, पुलिस कार्यालय, विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के पास मैदान, कचहरी क्लब और मल्टीलेवल पार्किंग में व्यवस्था की गई है.
दो पहिया वाहनों के लिए हरिओमनगर चौराहा के पास पीएनबी बैंक के बगल वाली गली में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. एम्बुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों को डायवर्जन से मुक्त रखा गया है. यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 4 नवंबर को अनावश्यक रूप से डायवर्जन वाले मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें.
भारी वाहनों के लिए दोपहर में खुलने वाली नो-एंट्री व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. 4 नवंबर को दोपहर में नो-एंट्री नहीं खुलेगी और यह व्यवस्था रात 11 बजे खुलेगी.





















