राजस्थान में मक्का-सौंफ की आड़ में गांजे की खेती, 2950 किलो पौधे जब्त
सिरोही पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध खेती को पकड़ा है. जिसमें 2950.84 किलो गांजा जब्त किया गया है. इसमें चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

राजस्थान के सिरोही जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. वालोरिया गांव में मक्का और सौंफ की फसल के बीच गांजे की अवैध खेती का खुलासा हुआ है. पुलिस ने 2950.84 किलो गांजे के हरे पौधे जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में NDPS एक्ट के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं.
पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: जयपुर में मुस्लिम कलाकार तैयार कर रहे रावण का पुतला, 105 फीट ऊंचाई
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के मुताबिक, वालोरिया गांव की पगारा फली में कुछ खेतों में मक्का और सौंफ की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए जाने की सूचना मिली थी. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीमों ने खेतों में दबिश दी. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में गांजे के हरे पौधे मिले. अलग-अलग खेतों और खातेदारों से जुड़े होने के कारण पुलिस ने पांच प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है. रोहिड़ा थाना क्षेत्र के वालोरिया गांव की पगारा फली में मक्का और सौंफ की फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती की जा रही थी.
एसपी के निर्देश पर चार थानों की पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन
सिरोही पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार और पिंडवाड़ा वृताधिकारी राहुल मीणा के सुपरविजन में रोहिड़ा थानाधिकारी ओमकरण के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. ऑपरेशन में रोहिड़ा, पिंडवाड़ा, सरूपगंज और आबूरोड सदर थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया.
गांजे की खेती के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान होसियाराम पुत्र लाडूराम, जेपुराम पुत्र मीनाराम, लसमाराम पुत्र रायचंद और अनिल कुमार पुत्र जोवनाराम उर्फ सकाराम को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी वालोरिया गांव की पगारा फली के निवासी बताए जा रहे हैं.
अब पुलिस खंगालेगी अवैध खेती से जुड़े तार
इतनी बड़ी मात्रा में गांजे के पौधे मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की अवैध खेती कब से की जा रही थी, इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अवैध खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: कोटा पुलिस का बड़ा एक्शन, बिजली तार चोर गैंग का पर्दाफाश, 5 अरेस्ट




















