Rajasthan Election 2023: डूंगरपुर में पार्टी प्रत्याशी के नाम पर बीजेपी में बगावत, दावेदारों ने दी पार्टी आलाकमान को चेतावनी
Rajasthan BJP News: बीजेपी ने राजस्थान में चुनाव की तारीख के एलान के बाद, प्रदेश के 41 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की. जिसके बाद टिकट के दावेदारों ने बगावती तेवर अपना लिए हैं.

Rajasthan Election 2023 News: राजस्थान में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है. प्रदेश के दो सौ विधानसभा सीटों पर 23 नवंबर को वोटिंग होगी. चुनाव की घोषणा होने के बाद ही भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश भर में 41 प्रत्याशियों की सूची जारी की गई. बीजेपी ने उदयपुर संभाग के 6 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है. जिसमें सबसे ज्यादा बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिले के हैं. पार्टी के प्रत्याशी के नाम पर यहां पर विरोध शुरू हो गया है.
डूंगरपुर सीट पर बीजेपी ने जिस प्रत्याशी के नाम की घोषणा की है उसके खिलाफ पार्टी के ही कई बड़े पदाधिकारी विरोध में उतर आए हैं. इसको लेकर डूंगरपुर जिले के भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में बैठक हुई और बैठक के दौरान प्रत्याशी के नाम पर विरोध भी जताया गया.
कौन हैं डूंगरपुर से बीजेपी प्रत्याशी?
उदयपुर संभाग के वागड़ क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से सागवाड़ा, चौरासी, कुशलगढ़, डूंगरपुर और बागीदौरा विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों के नामों का एलान किया गया है. इसमें डूंगरपुर से बीजेपी ने नए चेहरे के रूप में बंशी लाला कटारा को मौका दिया है. सूची जारी होने के अगले ही दिन इनका बीजेपी में अन्य दावेदारों ने विरोध शुरू कर दिया. बंशीलाल कटारा की बात की तो यह डूंगरपुर के श्री हरी देव जोशी जिला अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर हैं. साथ ही नर्सिंग एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष और मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष भी हैं.
18 दावेदारों ने एक जुट होकर की टिकट की मांग
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में जिले के कार्यकर्ता और पदाधिकारी जमा हुए. इसमें वह लोग भी शामिल थे जो विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए लगातार दावेदारी कर रहे थे, जिनकी संख्या करीब 18 है. उनका कहना है कि कई वर्षों से लगातार पार्टी का हर कार्य कर रहे हैं. कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं, बैठकों में जा रहे हैं, बड़ी सभाओं में पूरा दम झोंक रहे हैं, लेकिन जिसने कभी पार्टी के लिए काम ही नहीं किया उसे टिकट दे दिया गया है. इन नेताओं ने बगावती तेवर अपनाते हुए चेतावनी दी है कि अगर प्रत्याशी का नाम नहीं बदला गया तो चुनाव में काम नहीं करेंगे.
ये भी पढ़ें: Rajasthan ABP Cvoter Opinion Poll 2023: राजस्थान में CM पद की पहली पसंद कौन? जनता ने इस नेता के नाम पर लगाई मुहर
Source: IOCL

























