रितु बराला केस: जयपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल, दूसरे दिन भी धरना जारी
जयपुर में रितु बराला मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना दूसरे दिन भी जारी. गोविंद सिंह डोटासरा और अशोक गहलोत समेत कई नेता प्रदर्शन में शामिल.

जयपुर में NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं का धरना लगातार दूसरे दिन भी जारी है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई नेता पुलिस कमिश्नरेट परिसर के अंदर सोमवार (19 अक्टूबर) शाम 6 बजे से धरने पर बैठे हैं. वहीं, कमिश्नरेट के बाहर भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं.
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कमिश्नरेट का गेट बंद कर दिया है. गेट के बाहर बैरिकेडिंग भी की गई है और किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है. प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आह्वान पर राजस्थान के अलग-अलग जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता जयपुर पहुंच रहे हैं.
प्रदर्शन के दौरान गेट के बाहर कई बार हंगामे की स्थिति भी बनी. हालांकि, पुलिसकर्मी लगातार कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं.
FIR दर्ज होने तक धरना जारी रखने का ऐलान
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक जयपुर पुलिस रितु बराला के मामले में जीरो FIR दर्ज नहीं करती, तब तक धरना जारी रहेगा. पार्टी नेताओं का आरोप है कि रितु बराला के साथ हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए.
दरअसल, NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला 13 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थीं. इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था. आरोप है कि हिरासत के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने बस में उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की. रितु बराला इसी मामले में पुलिस में केस दर्ज कराना चाहती हैं.
कांग्रेस के प्रदर्शन में आधी रात पहुंचे अशोक गहलोत, रितु बराला केस में FIR की मांग
इस मामले को लेकर राहुल गांधी ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से बातचीत की थी. इसके बाद राजस्थान कांग्रेस के नेता सक्रिय हो गए. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी देर रात धरने में शामिल होने के लिए पहुंचे थे. फिलहाल कांग्रेस नेता FIR दर्ज करने की मांग पर अड़े हैं और प्रदर्शन जारी है.






















