PM मोदी पर संजय राउत ने साधा निशाना, कहा- 'टेलीप्रॉम्प्टर बंद तो आवाज बंद'
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि टेलीप्रॉम्प्टर बंद होते ही पीएम की आवाज भी बंद हो जाती है.

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है. उन्होंने पीएम मोदी और शाह को चीन, विदेशी फंडिंग और खुली बहस के मुद्दे को लेकर घेरा. इसके साथ ही लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष द्वारा बहस को लेकर दी गई खुली चुनौती का भी राउत ने समर्थन किया और दावा किया कि इसे स्वीकार करने की ताकत सत्ता पक्ष में नहीं है.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर कर पीएम मोदी को खुली चुनौती दी थी. उन्होंने लिखा था कि 'मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं. कोई भी मंच, किसी भी समय. हिम्मत है तो आइए.' इसी चुनौती का संजय राउत ने जिक्र किया है.
टेलीप्रॉम्प्टर बंद, तो पीएम की आवाज बंद
राउत ने पीएम मोगी पर निशाना साधते हुए कहा, "किसी भी चुनौती का सामना हमारे देश के प्रधानमंत्री नहीं कर सकते. उतनी हिम्मत उनमें नहीं है. ना वो प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं, ना किसी डिबेट में सहभागी हो सकते हैं, ना किसी मंच पर जाकर. हां, अकेले जाकर भाषण करेंगे, टेलीप्रॉम्प्टर पर, जो लिख के दिया वो बोलेंगे. टेलीप्रॉम्प्टर बंद हो गया, तो उनका आवाज भी बंद होता है."
राउत ने आगे कहा, "राहुल गांधी ने खुला चैलेंज दिया है ना! फॉरेन फंडिंग के बारे में, एसआईआर के बारे में, आप डिबेट में आइए. कोई भी नहीं आएगा, ना अमित शाह आएंगे, ना मोदी जी आएंगे, कोई नहीं आएगा. ये यही तो एक अपराधी होता है ना! ये अपराधी इसी प्रकार से डर जाता है लोगों के सामने आने से."
बीजेपी के आरोपों पर पलटवार
उन्होंने पूछा कि बीजेपी अक्सर कांग्रेस और राहुल गांधी पर चीन का हमदर्द होने या चीनी कनेक्शन के आरोप लगाते हैं, लेकिन अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में जो चीनी सेना (पीपुल्स लिबरेशन आर्मी) घुसपैठ कर रही है और जमीन पर कब्जा कर रही है उसके लिए भी राहुल गांधी जिम्मेदार हैं? केंद्र सरकार की विदेशी नीति और देशभक्ति के दावों पर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने कहा, "अरे, चाइना के आप चमचे हैं! ये बीजेपी सरकार चाइना के चमचे हैं. और इतने बड़े चमचे हैं जो चाइना के प्रेसिडेंट को जाकर, अहमदाबाद और साबरमती में जाकर ढोकला और फाफड़ा किसने खिलाया दो बार? मोदी जी ने खिलाया ना! राहुल जी ने नहीं खिलाया ना!"
कुल मिलाकर संजय राउत का कहना है कि अगर देश की सीमाओं पर चीन कब्जा कर रहा है तो सरकार को विपक्ष पर आरोप लगाने की बजाय जमीनी स्तर पर काम करना चाहिए. अब बीजेपी की तरफ से इसपर क्या प्रतिक्रिया आती है वो देखना दिलचस्प होगा.
दीया मिर्जा का वीडियो फिर से अपलोड करे BMC! भड़का बॉम्बे HC, बीजेपी को फटकारा






















