'अगर सरकार बनी, तो नियमित होंगे संविदा स्वास्थ्य कर्मी', धरना स्थल पर कांग्रेस नेता ने दिया आश्वासन
MP Congress: अरुण यादव का कहना है कि BJP ने 2013 और फिर 2018 के चुनाव में भी घोषणा पत्र में संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की मांगों को पूरा करने का जिक्र किया था, लेकिन कुछ नहीं किया.

MP Politics: 'मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की सभी मांगें पूरी करने के साथ ही उन्हें नियमित किया जाएगा.' यह बात राजधानी भोपाल में हड़ताल पर बैठे संविदा स्वास्थ्य कर्मियों से मिलने पहुंचे एमपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री अरुण यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कही.
धरना स्थल पर मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि यह स्वास्थ्य कर्मी बीते 12 दिन से हड़ताल कर रहे हैं. सरकार इनकी बातें सुनने के बजाय इन्हें लाठी मार रही है. यह वही कर्मचारी हैं, जिन्होंने महामारी के दौरान अपनी जान पर खेलकर मरीजों की सेवा की और उनके जीवन को बचाया.
'मुंगेरीलाल के सपने दिखाती है बीजेपी सरकार'
मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने बताया कि बीजेपी ने साल 2013 के चुनाव में और साल 2018 में भी घोषणा पत्र में इनकी मांगों को पूरा करने का जिक्र किया था. हालांकि, सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया. इनकी मांगें अभी भी जस की तस हैं. अरुण यादव ने बताया कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है. वहां पर स्वाथ्य कर्मियों को नियमित किया जा चुका है.
'विधानसभा के पटल पर रखी थीं मांगें'
अरुण यादव ने कहा कि इसके साथ ही ओडिशा में भी सरकार ने स्वास्थ्य कर्मियों की बात मानी है. मध्य प्रदेश में हम इन्हें आश्वस्त करते हैं कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम इनकी मांगों को प्राथमिकता से पूरा करेंगे और सभी का नियमितीकरण करेंगे. अरुण यादव ने कहा कि हमने विधान सभा के पटल पर भी स्वास्थ्यकर्मियों की मांगों को रखा था.
इस अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री पीसी शर्मा, राजकुमार पटेल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रवि सक्सेना, अब्बास हफीज, संगीता शर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी, प्रवक्ता अवनीश बुन्देला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: Coronavirus: नए वेरिएंट से लड़ने के लिए कितना तैयार है MP? मॉक ड्रिल के जरिए जानी गई इन जिलों की सच्चाई
























