दिल्ली में भारी बारिश का RED ALERT, आज रहें सावधान, कब तक होगी बरसात?
दिल्ली-एनसीआर में तड़के सुबह हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. भारतीय मौसम विभाग ने आज राजधानी में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं, सुबह हुई घंटों की बारिश से जलभराव भी देखने को मिल रहा है

दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के कुछ हिस्सों में सोमवार तड़के भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम बेहद ठंडा हो गया. इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बारिश का ‘रेड’ अलर्ट जारी किया.
बारिश से राजधानी में मौसम ठंडा हो गया, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. IMD के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे तक 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि दिल्ली हवाई अड्डे पर 30 मिलीमीटर बारिश हुई.
दिल्ली में आज भी रूट डायवर्जन लागू, 22 रास्तों के लिए एडवाइजरी, जरूर पढ़ लें
गरज-चमक के साथ तूफान
मौसम विभाग ने सुबह नौ बजे तक दिल्ली में गरज के साथ तूफान, बिजली कड़कने, 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चलने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक भारी बारिश होने की चेतावनी देते हुए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया था. आर के पुरम, कर्तव्य पथ और मध्य, दक्षिण-पूर्वी तथा पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई.
सुबह साढ़े पांच बजे तक सबसे अधिक बारिश पूसा में 40.9 मिमी दर्ज की गई है. इसके बाद सफदरजंग में 39.6 मिमी, नारायना में 38.0 मिमी, पालम में 30.2 मिमी और जनकपुरी में 29.0 मिमी दर्ज की गई है.
इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी
इसके अलावा मौसम विभाग ने हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, रोहतक, सोनीपत और उत्तर प्रदेश के अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, संभल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. गरज के साथ तूफान, बिजली कड़कने, 4-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चलने और 5 से 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है.
लोगों को सलाह
विभाग ने बदले हुए मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतनें की सला दी है. इसके सात ही पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लेने, सड़क और ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखने, बाढ़ या भूस्खलन वाली जगहों पर जाने से बचने और आधिकारिक सलाह का पालन करने के लिए कहा है.
स्टारलिंक भारत की सुरक्षा के लिए खतरा? निशिकांत दुबे का बड़ा दावा






















