पोस्टर पर अखिलेश के बयान के बाद बोले कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम, 'BJP चाहे लाख भ्रम...'
कांग्रेस के 200 पार सीटों के दावे वाले पोस्टर पर सियासत तेज है. अब इस पर कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने BJP पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने ये भी कहा कि इंडिया अलायंस एकजुट है.

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी हलचल बढ़ी हुई है. कांग्रेस के 200 पार सीटों के दावे वाले पोस्टर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने फर्जी बताते हुए इसे बीजेपी की साजिश करार दिया था. अब इस पर कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने अखिलेश यादव के बयान का समर्थन करते हुए बीजेपी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि INDIA अलायंस पूरी तरह से एकजुट है.
राजेंद्र पाल गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''अखिलेश यादव जी, यह गठबंधन INDIA गठबंधन है और यह लड़ाई सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है. बीजेपी चाहे लाख भ्रम फैला ले, लाख षड्यंत्र कर ले पर इस गठबंधन को तोड़ना तो दूर, छू भी नहीं सकती. INDIA गठबंधन एकजुट है एकजुट रहेगा.''
अखिलेश यादव जी, यह गठबंधन INDIA गठबंधन है और यह लड़ाई सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है। बीजेपी चाहे लाख भ्रम फैला ले, लाख षड्यंत्र कर ले पर इस गठबंधन को तोड़ना तो दूर, छू भी नहीं सकती। INDIA गठबंधन एकजुट है एकजुट रहेगा..!
— (समण) Rajendra Pal Gautam (@AdvRajendraPal) October 25, 2026
अखिलेश यादव ने पोस्टर को लेकर BJP पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पोस्टर्स के बहाने न सिर्फ बीजेपी पर हमला बोला है, बल्कि नगर निकाय अधिकारियों को भी चेतावनी दी है कि उनकी सरकार आने पर वे इनसे पक्का हिसाब करेंगे. अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, ''गठबंधन से भाजपा के पेट में दर्द हुआ है और इतना डर गई है कि नकली पोस्टर लगा रही है.''
म्युनिसिपल अधिकारियों को निलंबित कर देना चाहिए- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने आगे लिखा, ''यूपी के म्युनिसिपल अधिकारियों को निलंबित कर देना चाहिए क्योंकि कुछ लोग बिना पैसा जमा किये सरेआम पोस्टर लगवा रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है या तो इसका आधार भ्रष्टाचार है या शासन का दबाव? इन अज्ञात पोस्टरों को जब चोरी-छिपे लगाया जाता है तो स्थानीय राजस्व की हानि भी होती है, क्योंकि ऐसे पोस्टर बिना शुल्क के लगाए जाते हैं क्योंकि अगर शुल्क का आधिकारिक रूप से भुगतान किया गया तो भुगतान की रसीद भी काटनी पडेगी, ऐसे में साज़िशकर्ता का नाम बाहर आ जाएगा और वो पकड़ा जाएगा.
भ्रष्ट अधिकारियों का पक्का हिसाब-किताब किया जाएगा- अखिलेश यादव
उन्होंने ये भी कहा कि राजस्व की इस हानि का खामियाजा संबंधित अधिकारियों से भरवाना चाहिए और उनके खिलाफ जांच बैठाकर निलंबित भी कर देना चाहिए. ऐसी जितनी भी घटनाएं हो रहीं हैं हम उनका रिकार्ड तारीख के हिसाब से रख रहे हैं और ये रिकॉर्ड भी रख रहे हैं कि इस समय कौन सा अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार था. पीडीए सरकार आ रही है अब वही इन भ्रष्ट अधिकारियों का सारा कच्चा-चिट्ठा खोलेगी. ED-CBI से लेकर EOW तक सबकों सक्रिय करके, इन सब भ्रष्ट अधिकारियों का पक्का हिसाब-किताब किया जाएगा.''
यूपी चुनाव में टिकट के लिए रुपये मांग रही कांग्रेस? वायरल फोन कॉल का सच आया सामने






















