बिहार: मधेपुरा के मंदिर में सावन के सोमवार पर भगदड़, कई श्रद्धालु घायल
बिहार के मधेपुरा में सावन के अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इकट्ठा हुई. इस दौरान किसी अफवाह की वजह से भगदड़ की स्थिति बन गई और कई लोग घायल हो गए. प्रशासन ने स्थिति कंट्रोल करने की कोशिश की.

सावन के आखिरी सोमवार पर बिहार के मधेपुरा जिले में सिंहेश्वर मंदिर में भगदड़ मच गई, जिसमें कई श्रद्धालु घायल हो गए हैं. अफरा-तफरी की स्थिति के बीच प्रशासन ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की.
जानकारी के लिए बता दें कि मधेपुरा के प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर अचानक भगदड़ मच गई. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई. भगदड़ में कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है. घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला.
यह भी पढ़ें: 'ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको BJP...', सपा सांसद राजीव राय का सरकार पर हमला
स्थिति संभलने के बाद जारी पूजा
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. फिलहाल जिला प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया है और मंदिर में श्रद्धालुओं का जलार्पण और पूजा-अर्चना जारी है. प्रशासन श्रद्धालुओं से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील कर रहा है.
डीएम ने कही भगदड़ न होने की बात
इस संबंध में मधेपुरा जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि सिंहेश्वर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी लेकिन कहीं कोई भगदड़ नहीं हुई सभी स्थिति सामान्य है. एक महिला सीढ़ी से फिसलकर गिर गई थी, जिसके बाद उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. सिपाही का पैर बेरिकेडिंग में फंसने से चोट आ गई है.
वहीं, एसपी डॉ. संदीप सिंह ने जानकारी दी है कि लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन है. पुलिस लगातार मुस्तैदी से काम कर रही है. सिंहेश्वर में श्रद्धालु शांतिपूर्वक जलाभिषेक कर रहे हैं.
लखीसराय के मंदिर में भी हुई थी भगदड़
इससे पहले लखीसराय जिले के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है. यह हादसा भी सावन सोमवारी पर ही हुआ था. बीते सोमवार (17 अगस्त) को दो ट्रेनों के एक साथ ठहराव से सुबह अचानक भीड़ बढ़ गई थी. बिजली का खंभा गिरने के बाद लाइव वायर गिरने की अफवाह से भगदड़ जैसी स्थिति बनी थी. इसमें 8 की मौत और 15 से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई थी.
बताया गया था कि पूरा हादसा दो मिनट के अंदर ही हुआ था. लखीसराय जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की थी.
यह भी पढ़ें: अमरावती अस्पताल आग: नवजातों को बचाने के लिए नर्सों ने लगाई जान की बाजी, हाथ-पैर भी जले






















