प्रधानमंत्री पर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का हमला, 'आपने भगवान से लेकर…'
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया. पीएम मोदी पर तंज कसा कि ये अराजकता नहीं, आपका ही फैलाया हुआ रायता है. पढ़िए कन्हैया ने और क्या कहा है.

देश में इस वक्त पूरा विपक्षी दल एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहा है. दिल्ली में प्रदर्शन हुआ तो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित तमाम नेता हिरासत में लिए गए. आज गुरुवार (08 अक्टूबर, 2026) को पटना में भी विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किया. यह सब कुछ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए हो रहा है. चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप है. ऐसे में तमाम विपक्षी पार्टियां बीजेपी पर हमलावर हैं. कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भी पीए मोदी पर निशाना साधा है.
कन्हैया कुमार ने गुरुवार (08 अक्टूबर, 2026) को अपने एक्स हैंडल से एक पोस्ट किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया.
अपने एक्स पोस्ट में कन्हैया कुमार ने लिखा है, "मोदी जी ये अराजकता नहीं, आपका ही फैलाया हुआ रायता है. अब देशभक्तों को अंधभक्तों द्वारा फैलाया गया रायता समेटना तो पड़ेगा… आपने भगवान से लेकर इंसान तक सबके साथ धोखाधड़ी और चोरी की है."
मोदी जी ये अराजकता नहीं, आपका ही फैलाया हुआ रायता है। अब देशभक्तों को अंधभक्तों द्वारा फैलाया गया रायता समेटना तो पड़ेगा। आपने भगवान से लेकर इंसान तक सबके साथ धोखाधड़ी और चोरी की है। No Modi ji no, You will not do it. It’s done.
— Kanhaiya Kumar (@kanhaiyakumar) October 8, 2026
यह भी पढ़ें- PM मोदी का नाम लेकर गिरिराज सिंह बोले- 'किसी माई के लाल में…'
'प्रदर्शन से क्यों रोका जा रहा…'
अपने एक दूसरे पोस्ट में कन्हैया कुमार ने जंतर-मंतर को लेकर हमला किया कि ये मोदी, शाह और ज्ञानेश की पर्सनल प्रॉपर्टी तो नहीं है. ऐसे में विद्यार्थियों, नौजवानों, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं, आम नागरिकों और विपक्ष के नेताओं को विरोध-प्रदर्शन से क्यों रोका जा रहा है?
कन्हैया ने कहा कि गांधी-जयंती से लगातार लोग विरोध-प्रदर्शन के तय स्थान (जंतर-मंतर) पर जाने की कोशिशें कर रहे हैं. पुलिस लगातार बर्बरता कर रही है. लोकतंत्र में विरोध का अधिकार एक संवैधानिक हक है. इस सरकार के अहंकार का एक जवाब है- प्रतिकार. उन्होंने देश के लोगों से अपने हक के लिए हुंकार भरने की अपील की.
यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले सौरव दास बोले, 'सब बिहार वाले…'





















