'अनंत सिंह का JDU में जाना बहुत बड़ी भूल', RJD नेता कार्तिक कुमार ने ऐसा क्यों कहा?
आरजेडी एमएलसी कार्तिक कुमार ने कहा कि अनंत सिंह अपने स्वभाव से विपरीत चले गए. गलत सलाह को मानकर वे जेडीयू में चले गए. पढ़िए आरजेडी नेता ने और क्या कुछ कहा है.

मोकामा विधायक अनंत सिंह को लेकर उनके करीबी मित्र और संबंधी आरजेडी एमएलसी कार्तिक कुमार ने बड़ा बयान दिया है. शुक्रवार (06 नवंबर, 2026) को एबीपी न्यूज़ से कार्तिक मास्टर ने कहा कि मेरे समझ से जेडीयू में जाना अनंत सिंह की बहुत बड़ी भूल थी. उसका नतीजा सब लोग देख रहे हैं.
आरजेडी नेता ने कहा कि अनंत सिंह दिल के अंदर रखकर कुछ नहीं बोलते हैं. जो दिल में रहता है वह बोल देते हैं. वह साफ दिल के आदमी हैं. आरजेडी को छोड़कर जाना ही गलत डिसीजन था. वह अपने स्वभाव से विपरीत चले गए. उनके साथ कुछ अच्छे लोग भी रहते हैं और कुछ गलत लोग भी हैं जिन्होंने उन्हें गलत सलाह दी. उस सलाह को मानकर वे जेडीयू में चले गए.
'मेरा संबंध था… आगे भी रहेगा'
उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के साथ उनका 35-36 वर्षों का संबंध है. आरजेडी में फिर से अनंत सिंह के आने को लेकर कहा, "यह तो विधायक जी पर निर्भर करता है… और साथ-साथ हमारी पार्टी के नेता तेजस्वी यादव पर निर्भर करता है, लेकिन उनसे संबंध मेरा बरकरार पहले से था और आगे भी रहेगा… राजनीति अपनी जगह है…"
यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ को लेकर CM सम्राट ने की हाईलेवल बैठक, दिए गए ये निर्देश
बेटी की शादी पर भी दी प्रतिक्रिया
अनंत सिंह की बेटी की शादी होने वाली है. इस पर कहा कि शादी में तो हम रहेंगे, लेकिन अबी वहां (लदमा) गए नहीं हैं. तैयारी का जायजा ले रहे हैं. अनंत सिंह की बेटी को तो हम गोद में खिलाए हैं. अपने हाथ से खाना खिलाए हैं. हम पूरी तरह रहेंगे.
दूसरी ओर इस सवाल पर कि अनंत सिंह से विधानसभा अध्यक्ष ने सात दिन में जवाब मांगा है. आज उन्होंने कहा कि वे जवाब अब शादी के बाद देंगे. इस पर कार्तिक कुमार ने कहा, "उनकी बेटी की शादी है… जब कोर्ट ने टाइम दे दिया है कि बेटी की शादी के बाद सरेंडर करें.. किसी की बेटी की शादी में लोग सहयोग करता है… सहानुभूति देता है, लेकिन जेडीयू में दिख रहा है कि किस तरह उनकी बेटी की शादी है तो उन पर सदस्यता रद्द करने के लिए कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- शहजाद पूनावाला बने राइज एंड फॉल सीजन-2 के विनर, भड़के तेज प्रताप























