दिवाली-छठ को लेकर CM सम्राट ने की हाईलेवल बैठक, दिए गए ये निर्देश
सीएम सम्राट ने कहा कि सभी जिलों में क्विक रिस्पांस टीम को अलर्ट रखा जाए. पुलिस की पेट्रोलिंग प्रभावी हो. त्योहार के दौरान कहीं भी नंगे तार का उपयोग नहीं किया जाए.

दिवाली और छठ को देखते हुए शुक्रवार (06 नवंबर, 2026) को सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों के साथ हाईलेवल बैठक की. मीटिंग में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत रहे. बिहार की डीजीपी प्रीता वर्मा भी रहीं. अन्य अधिकारी भी रहे. इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कई निर्देश दिए.
सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की और कहा कि त्योहारों के अवसर पर बड़ी संख्या में बिहार के लोग दूसरे राज्यों एवं विदेशों से अपने घर लौटते हैं, ऐसे में यह सुनिश्चित करें कि उन्हें अपने गृह राज्य में आने पर खुशी, सुरक्षा और सकारात्मक बदलाव का अनुभव हो. सख्त निर्देश दिया कि दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर सभी को सतर्क रहना है.
'पर्याप्त संख्या में तैनात करें सुरक्षा बल'
विधि व्यवस्था के साथ-साथ सभी आवश्यक तैयारियों को ससमय पूरा करने को कहा. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाए. सभी जिलों में क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित कर उन्हें पूरी तरह सक्रिय एवं अलर्ट रखा जाए.
24 घंटे हो गश्ती की व्यवस्था: सीएम
सीएम ने कहा कि रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों के आसपास विशेष रूप से 24 घंटे गश्ती की व्यवस्था हो. पुलिस की पेट्रोलिंग प्रभावी हो. किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
यह भी पढ़ें- जलस्रोत जीर्णोद्धार और गाद प्रबंधन नीति से क्या होगा बिहार को फायदा? समझें
गांव के छठ घाटों पर भी रखें तैराक
मुख्यमंत्री ने रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, सार्वजनिक स्थलों एवं छठ घाटों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी स्वयं इन व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें. छठ घाटों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. गांवों के छठ घाटों पर स्थानीय तैराकों को भी उपलब्ध रखे को कहा.
सीएम ने कहा, "विद्युत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहीं भी नंगे तार का उपयोग नहीं किया जाए. दलित/महादलित टोलों में जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी जायें, उनके बीच जाकर उनके साथ पर्व मनाएं."
यह भी पढ़ें- लालू यादव सीवान कोर्ट में हुए पेश, किस मामले में मिली जमानत?























