सीएम योगी का निर्देश, श्रमिकों को क्वॉरंटीन सेंटर में रखकर उनकी सही ढंग से स्क्रीनिंग की जाए
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का कहना है कि श्रमिकों को क्वॉरंटीन सेंटर में रखकर उनकी सही ढंग से स्क्रीनिंग की जाए.सीएम योगी ने सुरक्षा बलों में इन्फेक्शन रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरते जाने के निर्देश दिए.

लखनऊ: लाॅकडाउन 3 में संचालित किये जाने वाले उद्योग-धन्धों के लिए कार्य योजना आज तैयार हो जाएगी. साथ ही इससे संबंधित आदेश भी जारी हो जाएंगे. रविवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी ने इसके लिए अफसरों को निर्देशित किया है. वहीं राजस्व में भारी गिरावट के बावजूद सरकार ने वेतन और पेंशन की राशि जारी कर दी है.
रविवार को मुख्यमंत्री योगी ने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त को लेबर रिफॉर्म पर कार्य योजना बनाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि लाभार्थियों के बैंक खाते में भरण-पोषण भत्ते की धनराशि यथाशीघ्र अंतरित कराई जाए. वहीं क्वॉरंटीन सेन्टर और कम्युनिटी किचन आदि व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण किया जाने के लिए भी संबंधित अफसरों को कहा. उन्होंने साफ हिदायत दी कि इस काम में शिथिलता ना बरती जाए.
क्वॉरंटीन सेन्टर में अच्छा व पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराया जाए
उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्वॉरंटीन सेन्टर में अच्छा व पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने सप्लाई चेन को इसी प्रकार सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश देते हुए डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था को और प्रभावी बनाए जाने को भी कहा. बाहर से ट्रेन के जरिए आ रहे प्रवासी कामगारों व श्रमिकों को क्वॉरंटीन सेन्टर में रखकर उनकी सही ढंग से स्क्रीनिंग की बात सीएम ने कही.
यह भी कहा कि स्वस्थ पाये जाने वाले कामगारों व श्रमिकों को खाद्यान्न किट उपलब्ध कराकर होम क्वॉरंटीन के लिए उनके गन्तव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए. अस्वस्थ होने की दशा में कामगारों व श्रमिकों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए और प्रत्येक जिलाधिकारी कोरोना उपचार में लगी मेडिकल टीम की अनिवार्य क्वॉरंटीन व्यवस्था का निरीक्षण करें.
बाहर से आ रहे प्रवासी मजदूर पर रखी जाएगी नजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह के लोगों को गांव में संचालित होने वाले कम्युनिटी किचन में लगाया जाए. इससे इन लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा. उन्होंने पुलिस महानिदेशक को बाहर से आ रही ट्रेनों से आ रहे प्रवासी लोगों के सम्बन्ध में अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के निर्देश दिए. उन्होंने सुरक्षा बलों में इन्फेक्शन रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरते जाने के निर्देश देते हुए इन्फेक्शन से बचाव के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था किए जाने के लिए कहा.
रुपय कार्ड के प्रयोग को प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए योगी आदित्यनाथ ने जनधन खाता धारकों से अपील की कि वे रुपय कार्ड का प्रयोग कर धन निकासी करें. इससे बैंकों में भीड़ नहीं लगेगी और कोविड-19 के प्रसार को नियन्त्रित करने में सहायता मिलेगी. उन्होंने लाॅकडाउन व्यवस्था के लागू होने से राजस्व में कमी के बावजूद राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के 16 लाख कर्मचारियों के वेतन और 12 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन का समय से पूर्व भुगतान सुनिश्चित कराने की बात कही.
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाए
यह भी कहा कि हाॅटस्पाॅट इलाकों में रहने वाले कर्मी अपने सहयोगियों के लिए कोरोना कैरियर बन सकते हैं. इसलिए यह लोग अपने कार्यस्थल पर ना जाएं. उन्होंने निर्देश दिए कि मण्डियों में किसानों, थोक व्यापारियों, खुदरा व्यापारियों के लिए समय सारणी बना ली जाए. मण्डियों का निरन्तर प्रभावी निरीक्षण कराया जाए. मण्डियों में साफ सफाई की व्यवस्था को उत्तम रखा जाए. मण्डियों में सैनेटाइजर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित रहनी चाहिए और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन का विशेष ध्यान रखा जाए.
इमरजेंसी सेवाओं को पूरे प्रोटोकाल का पालन सुनिश्चित करते हुए इन्हें शुरू कराए जाने की बात भी सीएम ने कही. यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इमरजेंसी सेवाएं शुरू करने वाले अस्पतालों से संवाद बनाया जाए. किसी समस्या की स्थिति में उसका प्रभावी निराकरण कराया जाए. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को भी इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध कराने वाले अस्पतालों से दूरभाष पर जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए.
उन्होंने डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों के प्रशिक्षण के साथ ही डिग्री व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्याें को भी प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव को व्यापक पैमाने पर प्रशिक्षण दिलाने के लिए प्रत्येक जनपद में मास्टर ट्रेनर्स लगाए जाएं. पीपीई किट, एन-95 मास्क, सैनिटाइजर आदि की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने लेवल-1, लेवल-2, लेवल-3 कोविड अस्पतालों की क्षमता का तेजी से विस्तारीकरण के निर्देेश भी दिए.
बैैैैठके में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, मुख्य सचिव आरके तिवारी, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव राजस्व रेणुका कुमार, अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव मित्तल, पुलिस महानिदेशक हितेश सी अवस्थी मौजूद रहे.
पढ़ें-
हंदवाड़ा एनकाउंटर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, लश्कर का टॉप पाकिस्तानी कमांडर ढेर
जम्मू-कश्मीर में मौसम ने ली करवट, बादल फटने से हुई दो की मौत























