मुजफ्फरपुर कांड: सीबीआई अधिकारी का हुआ तबादला, विपक्ष ने कहा- जांच हो सकती है प्रभावित
आरजेडी और कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह तबादला जांच को प्रभावित करने के लिए राजनीतिक हस्तक्षेप का नतीजा है.

पटना: बिहार में विपक्षी दलों ने आज आरोप लगाया कि मुजफ्फरपुर आश्रय गृह यौन उत्पीड़न मामले की जांच कर रहे एक वरिष्ठ सीबीआई अधिकारी के तबादले से पड़ताल प्रभावित हो सकती है. हालांकि सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगियों जेडीयू और बीजेपी ने इस आरोप से इंकार किया है. बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा कि बिहार के राज्यपाल के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीबीआई एसपी का तबादला करा दिया. उन्होंने एक दस्तावेज भी संलग्न किया और कहा कि यह विशेष अपराध शाखा के एसपी जेपी मिश्रा का तबादला आदेश है.
So after Bihar Governor, CM Nitish also got CBI SP transferred. Tomorrow he wud hv submitted progress report on #MuzaffarpurShelterHome mass rape case in Highcourt. The investigation was reaching to “Patna Sir” mentioned in Brajesh Thakur dairy. Chacha, wait & watch, Who’s he? pic.twitter.com/Joi9gFyjwy
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) August 22, 2018
बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक को कल जम्मू कश्मीर का राज्यपाल नियुक्त किया गया था. मलिक ने इस मामले पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री को कुछ चिट्ठियां लिखी थीं. आरजेडी उन चिट्टियों को लेकर मुख्यमंत्री पर हमला बोलता रहा है.
तेजस्वी यादव की तरफ से ट्वीट किए गए दस्तावेज के अनुसार भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो, लखनऊ के एसपी देवेंद्र सिंह को पटना में विशेष अपराध शाखा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. आरजेडी और कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह तबादला जांच को प्रभावित करने के लिए राजनीतिक हस्तक्षेप का नतीजा है.
जेडीयू-बीजेपी गठबंधन ने आरोपों से इंकार करते हुए विपक्षी दलों को चुनौती दी कि जांच एजेंसी में प्रशासनिक फेरबदल को लेकर अगर उन्हें कोई परेशानी है तो वे अदालत जा सकते हैं. जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने सवाल किया कि आरजेडी सिर्फ मीडिया में बयान क्यों जारी कर रहा है और ट्विटर पर चिंता जता रहा है. अगर उसे लगता है कि तबादला चिंता का कारण है तो उन्हें अदालत जाना चाहिए.
Source: IOCL
























