महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता महादेव शेल्लार ने की खुदकुशी, वजह साफ नहीं
पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया और प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि बीमारी के कारण उन्होंने यह कदम उठाया.

मुंबई: महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव और प्रवक्ता महादेव शेल्लार ने आज मुलुंद में अपने ही घर में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली. पुलिस के मुताबिक, शेल्लार बीमार चल रहे थे और बीमारी से तंग आकर ही उन्होंने मौत को गले लगा लिया. शेल्लार ने सुसाइड नोट में मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शेलार (64) ने अपराह्न ढाई बजे अपने आवास पर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली. अधिकारी ने बताया कि जब यह घटना हुई उस समय शेलार की पत्नी बाजार गयी हुई थीं. उन्होंने बताया कि घर पहुंचने पर उन्होंने शेलार को पंखे से लटका हुआ पाया. उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने शेलार को मृत घोषित कर दिया.
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया और प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि बीमारी के कारण उन्होंने यह कदम उठाया. पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का एक मामला दर्ज किया है और मामले में जांच जारी है.
शेलार पेशे से वकील थे और वह पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अपने शांत स्वभाव के लिए जाने जाते थे.
Source: IOCL

























