National Unity Day: राष्ट्रीय एकता दिवस क्यों मनाया जाता है? जानें इतिहास और महत्व
National Unity Day: हर साल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है. जानें इस दिन की शुरुआत कब हुई, इसका क्या महत्व है और देशभर में कैसे मनाया जाता है.

National Unity Day: भारत में हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है. यह दिन देश के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के रूप में भी खास है. उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है. आजादी के बाद भारत कई रियासतों में बंटा हुआ था. ऐसे में इन रियासतों को भारत में मिलाने और देश को एकजुट करने में सरदार पटेल ने बड़ी भूमिका निभाई थी. उनके इसी योगदान को याद करने और देश की एकता का संदेश देने के लिए हर साल यह दिन मनाया जाता है. आइए जानते हैं राष्ट्रीय एकता दिवस का इतिहास और इसका महत्व.
क्यों मनाया जाता है यह दिन?
राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य देश के लोगों को एकता और भाईचारे का संदेश देना है. भारत में अलग-अलग धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों के लोग रहते हैं, लेकिन सभी की पहचान भारतीय होने से जुड़ी है. सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद देश की रियासतों को एक साथ लाने में अहम भूमिका निभाई थी. उनके प्रयासों से भारत को एकजुट करने में मदद मिली. इसलिए उनकी जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाकर लोगों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाता है.
यह भी पढ़ें :Race Course Mosque: PM हाउस के पास किसने बनवाई थी मस्जिद? जानें इसका इतिहास
इसकी शुरुआत कब हुई?
भारत सरकार ने साल 2014 में 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी. इस दिन देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाती है. लोगों को देश की एकता और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए भी कार्यक्रम होते हैं. साल 2015 में सरदार पटेल की 140वीं जयंती के मौके पर 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' पहल की शुरुआत भी की गई थी. इसका उद्देश्य अलग-अलग राज्यों के लोगों के बीच आपसी समझ और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ाना है
राष्ट्रीय एकता दिवस का क्या है महत्व?
राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि भारत की ताकत उसकी विविधता और एकजुटता में है. यहां अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले और अलग-अलग परंपराओं को मानने वाले लोग रहते हैं. इसके बावजूद सभी देश की एकता और विकास में अपनी भूमिका निभाते हैं. इस दिन देशभर में 'रन फॉर यूनिटी' यानी एकता दौड़ का आयोजन किया जाता है.
यह भी पढ़ें : High Speed Train: स्पेन में कितनी स्पीड से चलती हैं ट्रेनें, कैसे मैनेज होता है रेल सिस्टम?






















