'रामायण' के गाने की 'आदिपुरुष' से हुई तुलना, भड़के मनोज मुंतशिर, बोले- मैंने राम के लिए कव्वालियां नहीं लिखी थी
'रामायण' का सॉन्ग मंगल रंग रिलीज हुआ. रिलीज के बाद से गाना ट्रोल्स के निशाने पर है. अब मनोज मुंतशिर ने गाने को लेकर रिएक्ट किया.

'रामायण' 5 नवंबर को रिलीज के लिए तैयार है. फिल्म में रणबीर कपूर लीड रोल में हैं. फिल्म के कई गाने भी रिलीज हो गए हैं. ए आर रहमान ने फिल्म का म्यूजिक दिया है. हाल ही में फिल्म का गाना 'मंगल रंग' रिलीज हुआ. इस गाने को ट्रोल किया गया. सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि गाने में सूफी म्यूजिक है. ये कव्वाली लग रहा है. कुछ लोगों ने तो ये भी कहा कि मनोज मुंतशिर ने आदिपुरुष में जो किया था वैसा ही इस बार भी रिपीट हो रहा है.
अब मनोज मुंतशिर ने इस पर रिएक्ट किया है. मनोज मुंतशिर ने कहा, 'मनोज मुंतशिर वाला कारनामा? बड़ी जाहिलों जैसी बात की है. मेरे भाई काश रामायण के गीतों में मेरा वाला कारनामा दोहराया जाता. आदिपुरुष बहुत खराब फ़िल्म थी, संवाद और भी ख़राब थे, लेकिन गीत तो देश का बच्चा-बच्चा गाता है. कभी जाइए श्री अयोध्या पूरी, गली-गली में आदिपुरुष के ही गीत बज रहे होते हैं.'
मनोज मुंतशिर ने कहा ये
आगे उन्होंने लिखा, 'जो गलती मुझसे हुई, मैंने उसके लिए अनगिनत बार रामभक्तों से क्षमा मांगी और क्षमा मिली भी, लेकिन गीतों को चैलेंज मत करिए. उनमें श्रद्धा, समर्पण और कवित्त की कोइ कमी नहीं थी. न मैंने राम के लिए नर्सरी राइम्स लिखी न कव्वालियां. आगे लोग समझदार हैं, जानते हैं कौन कितने पानी के है. जय श्री राम.'

'आदिपुरुष' की हुई थी आलोचना
बता दें कि 2023 में 'आदिपुरुष' आई थी. इस फिल्म को ओम राउत ने डायरेक्ट किया था. फिल्म में प्रभास राम के रोल में थे और कृति सेनन सीता के किरदार में थीं. फिल्म के गाने मनोज मुंतशिर ने लिखे थे. फिल्म के गानों को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. हालांकि, फिल्म को काफी ट्रोल किया गया था. फिल्म की कास्टिंग से लेकर, डायलॉग और वीएफएक्स सभी कुछ की आलोचना हुई. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई थी.





















