‘कई लड़कियों को दिया ब्रेक, लेकिन वो दीपिका नहीं बनीं’, हिमेश रेश्मिया का बड़ा बयान
दीपिका पादुकोण ने अपने करियर की शुरुआत हिमेश रेश्मिया के एक एल्बम सॉन्ग से की थी. अब हिमेश रेश्मिया ने दीपिका पादुकोण की तारीफ करते हुए उनके स्टार बनने में अपनी भूमिका को नकार दिया है.

हिमेश रेश्मिया के गाने जल्द ही अपकमिंग फिल्म ‘गनमास्टर जी 9’ में सुनने को मिलेंगे. इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना लीड़ रोल में हैं. वहीं इस फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी हिमेश रेश्मिया संभाल रहे हैं. इन दिनों हिमेश इस फिल्म का प्रमोशन करते भी नजर आ रहे हैं.
प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में उनसे उनके पुराने गाने ‘नाम है तेरा’ को लेकर बात की गई. उनसे पूछा गया कि अगर उन्हें अपने पुराना एल्बम सॉन्ग दोबारा बनाना हो तो किस एक्ट्रेस को लेंगे, इस पर हिमेश ने दीपिका की तारीफ करते हुए एक बड़ा बयान दे दिया.
हिमेश रेश्मिया बोले - दीपिका को सुपरस्टार बनना ही था
मशहूर बॉलीवुड एक्टर, सिंगर और प्रोड्यूसर हिमेश रेश्मिया ने हाल ही में कोमल नहाता के साथ बातचीत में दीपिका पादुकोण की जमकर तारीफ की. जब हिमेश से पूछा गया कि अगर उन्हें आज ‘नाम है तेरा’ दोबारा बनाना हो तो दीपिका पादुकोण की जगह किसको लेंगे. इस पर हिमेश रेश्मिया ने कहा, ‘दीपिका पादुकोण को कोई रिप्लेस नहीं कर सकता. वो इररिप्लेसेबल हैं. हमें तब भी पता था कि वो सुपरस्टार बनेंगे.’
यहां तक की दीपिका के स्टार बनने में भी वे अपना कोई योगदान नहीं मानते. उन्होंने कहा, ‘बहुत सारे लोग कहते हैं कि उन्होंने मेरी म्यूजिक वीडियो से अपने करियर की शुरुआत की. हमने और भी कई लड़कियों को ब्रेक दिया, लेकिन वो दीपिका नहीं बनीं. उनके बनने या न बनने में मेरा कोई हाथ नहीं है.’
दीपिका पादुकोण ने हिमेश के गाने से की थी करियर की शुरुआत
दीपिका पादुकोण ने 2007 में आई शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. लेकिन इससे पहले दीपिका ने हिमेश रेश्मिया के एक म्यूजिक वीडियो में काम किया था.
हिमेश ने उन्हें अपनी एल्बम ‘आप का सुरूर’ के गाने ‘नाम है तेरा’ में काम दिया था. उनका गाना और एल्बम दोनों ही काफी हिट रही थी. हाल ही में जब हिमेश रेश्मिया के इस गाने के बारे में बात की गई, तो उन्होंने दीपिका को लेकर एक बड़ा बयान दे दिया.
दीपिका ने इंडियन आइडल 11 में हिमेश को कहा था शुक्रिया
दीपिका और हिमेश की मुलाकात कई साल बाद रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 11' में भी हुई थी. उस वक्त दीपिका अपनी फिल्म 'छपाक' के प्रमोशन के लिए शो में पहुंची थीं और हिमेश इसके जज थे. इस दौरान दीपिका ने उन्हें म्यूजिक वीडियो में मौका देने के लिए धन्यवाद कहा था.
दीपिका ने बताया था कि जब उन्हें 'नाम है तेरा' के म्यूजिक वीडियो के लिए चुना गया था, तब उन्हें शूटिंग के बारे में कुछ भी पता नहीं था. उन्होंने हिमेश रेश्मिया से कहा था, 'जो कुछ भी मैं आज कर रही हूं, वह मैंने उस म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के दौरान सीखा है. मुझे यह मौका देने के लिए शुक्रिया सर. जब किसी और को मुझ पर भरोसा नहीं था, तब आपको था.'
हिमेश रेश्मिया का वर्क फ्रंट
वर्क फ्रंट की बात करें तो हिमेश रेश्मिया जल्द ही फिल्म 'गनमास्टर जी9' के जरिए म्यूजिक कंपोजर और सिंगर के तौर पर नजर आएंगे. आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए इमरान हाशमी, आदित्य दत्त और हिमेश रेश्मिया की जोड़ी करीब दो दशक बाद फिर साथ आई है.






















