मुंबई-गोरखपुर फ्लाइट कैंसिल, स्पाइसजेट ने यात्रियों को रनवे पर सुलाया
SpiceJet की मुंबई-गोरखपुर फ्लाइट रद्द हो जाने के चलते यात्रीयों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. एक यात्री ने विमान के पास जमीन पर सोने का वीडियो साझा किया. एयरलाइन ने एयरपोर्ट की समय सीमा को वजह बताया.

हवाई सफर को लोग आरामदायक और समय बचाने वाला मानते हैं, लेकिन कभी-कभी एक छोटी सी चूक यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है. ऐसा ही कुछ SpiceJet की मुंबई से गोरखपुर जाने वाली फ्लाइट के यात्रियों के साथ हुआ.
उड़ान रद्द होने के बाद यात्रियों को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कुछ यात्री विमान के पास जमीन पर आराम करते नजर आ रहे हैं.
फ्लाइट कैंसिल होने पर क्या हुआ?
यात्रियों के मुताबिक, उड़ान के समय में कई बार बदलाव किया गया था. इसके बाद यात्रियों को विमान में बैठने दिया गया और सुरक्षा से जुड़ी औपचारिकताएं भी पूरी कराई गईं. बताया गया कि यात्री करीब एक घंटे तक विमान के अंदर बैठे रहे, लेकिन उड़ान रवाना नहीं हुई.
इसके बाद अचानक फ्लाइट रद्द होने की जानकारी दी गई. इस फैसले से यात्रियों में नाराजगी फैल गई. विजय लक्ष्मी ने सवाल उठाया कि जब उड़ान संचालित करने में परेशानी थी, तो यात्रियों को पहले विमान में बोर्डिंग की अनुमति क्यों दी गई?
विमान के पास जमीन पर रात बिताने को मजबूर हुए यात्री
यह मामला 1 नवंबर 2026 को SpiceJet की फ्लाइट SG553 से जुड़ा है, जिसे मुंबई से गोरखपुर जाना था. यात्री विजय लक्ष्मी मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर इस परेशानी को सामने रखा. वीडियो में वह विमान के पास बैठी दिखाई देती हैं और आसपास दूसरे यात्री भी जमीन पर आराम करते नजर आते हैं.
वीडियो में उन्होंने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें विमान के नीचे इस तरह लेटना पड़ेगा. फुटेज में CISF के जवान भी दिखाई देते हैं. वहीं, यात्रियों को टर्मिनल तक पहुंचाने के लिए एयरलाइन की बसें भी मौजूद थीं.
यात्रियों के लिए अतिरिक्त फ्लाइट की व्यवस्था
एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को गोरखपुर पहुंचाने के लिए 2 नवंबर को एक अतिरिक्त कमर्शियल फ्लाइट की व्यवस्था की गई थी. हालांकि, इस घटना के बाद यात्रियों ने एयरलाइन की व्यवस्था और समय पर जानकारी नहीं देने को लेकर सवाल उठाए हैं.
SpiceJet ने बताई फ्लाइट रद्द करने की वजह
इस मामले पर SpiceJet ने सफाई देते हुए बताया कि गोरखपुर एयरपोर्ट एक डिफेंस एयरपोर्ट है और वहां विमानों के संचालन का निर्धारित समय रात 9 बजे तक है. एयरलाइन के अनुसार, तय समय के बाद परिचालन की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके कारण फ्लाइट रद्द करनी पड़ी.
यह भी पढ़ें- Diwali 2026: दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में कहां मिलते हैं सबसे सस्ते पटाखे?
यह भी देखें-






















