बाइक चोरी के बाद आए चालान के मैसेज को न करें नजरअंदाज! वापस मिल सकती है गाड़ी
अगर आपकी बाइक चोरी हो गई है और चोरी होने के बाद आपके पास बाइक से जुड़ा ई-चालान आया है तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें, क्योंकि इसकी मदद से पुलिस को बाइक की तालाश करने में मदद मिल सकती है.

- चोरी के बाद गलत चालान के खिलाफ शिकायत दर्ज करें।
सोचिए, आप जिस बाइक से रोजाना अपने काम पर जाते हैं और आपकी बाइक एक दिन चोरी हो जाए तो जाहिर सी बात है कि ऐसी स्थिति में कोई भी परेशान हो जाएगा. हां, लेकिन अगर बाइक चोरी होने के बाद आपके मोबाइल पर ट्रैफिक चालान कटने का मैसेज आ जाए तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें. ट्रैफिक चालान की मदद से आपको तुरंत जरूरी कदम उठाने चाहिए.
बता दें कि बाइक चोरी होने के बाद अगर उस बाइक को कोई दूसरा व्यक्ति चला रहा है और उससे ट्रैफिक नियम का उल्लंघन होता है तो सड़क पर लगे कैमरे में उसकी गाड़ी की तस्वीर रिकॉर्ड हो सकती है और ई-चालान जारी किया जा सकता है. चालान की जानकारी की मदद से पुलिस को बाइक ढूंढने में मदद मिल सकती है.
असली और फर्जी चालान का करें पता
आज के समय में ई-चालान के नाम पर भी लोगों के साथ ठगी की जा रही है. इसलिए अगर बाइक के चोरी होने के बाद आपके पास कोई ई-चालान आता है तो आप तुरंत उसपर भरोसा न करें. पहले ये चेक करें कि चालान असली है भी या नहीं. चेक करने के लिए आप सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर जा सकते हैं. वहां अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर चालान से जुड़ी जानकारी चेक कर लें.
चालान सच में कटा है तो करें ये काम
अगर आपके चेक करने के बाद पता चलता है कि आपकी गाड़ी का चालान सच में कटा है तो ये आपके लिए एक अहम सबूत बन सकता है. आपको पोर्टल पर चालान की डिटेल में डेट, समय और दूसरी जानकारी मिल सकती है. इन सारी जानकारियों की मदद से आप ये पता लगा सकते हैं कि आपकी बाइक चोरी होने के बाद कौन से इलाके में मिली है.
इन सभी चीजों की जानकारी आप पुलिस को दें और चालान से जुड़े सभी सबूत अपने पास सुरक्षित रखें. पुलिस को जानकारी देने से पुलिस उस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर सकती है, जिससे पता लगाया जा सकता है कि बाइक कहां गई. पुलिस इन सबूतों की मदद से बाइक की खोज आगे बढ़ा सकती है.
बाइक के चालान के खिलाफ करें शिकायत
अगर गाड़ी चोरी होने के बाद कोई दूसरा व्यक्ति उसे इस्तेमाल कर रहा है और उससे जुड़ा चालान जारी हुआ है तो उस चालान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना महत्वपूर्ण है. इसके लिए आप परिवहन विभाग के ई-चालान पोर्टल पर शिकायत विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं.
त्योहारों पर रेलवे ने चलाईं 22 स्पेशल ट्रेनें, यूपी-बिहार से जम्मू तक का सफर होगा आसान























