प्लेन में कुत्ते की हरकत से फंसे यात्री, पायलट ने कराई वोटिंग; वीडियो वायरल
न्यूयॉर्क के LaGuardia एयरपोर्ट पर डेल्टा की फ्लाइट में सफाई और समय पर उड़ान के बीच यात्रियों से वोटिंग कराई गई. असल में फ्लाइट के दौरान कुत्ते की एक हरकत की वजह से यात्रियों को दो विकल्प दिए गए.

Viral Video: हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों को कई तरह के नियमों का पालन करना पड़ता है. सामान का वजन हो, बोर्डिंग का समय या फिर प्लेन के अंदर साफ-सफाई बनाए रखना, हर छोटी बात का ध्यान रखा जाता है. ऐसे में अमेरिका में एक फ्लाइट के यात्रियों को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, जहां उनकी परेशानी की वजह न तो मौसम था और न ही प्लेन में कोई तकनीकी खराबी. दरअसल, प्लेन की पिछली यात्रा के दौरान एक कुत्ते ने केबिन में पेशाब कर दिया था. इसका असर अगली उड़ान पर पड़ा और यात्रियों के सामने एक असामान्य सवाल खड़ा हो गया.
मामला न्यूयॉर्क के LaGuardia एयरपोर्ट पर डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट से जुड़ा बताया जा रहा है. प्लेन में मौजूद यात्रियों को बताया गया कि अगर केबिन की सफाई कराई जाती है तो उड़ान में देरी हो सकती है और बिना अतिरिक्त सफाई के प्लेन रवाना करने पर उन्हें बदबू के बीच सफर करना पड़ सकता है. इस अजीब स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यात्रियों का जवाब देख यूजर्स काफी हैरान हो रहे हैं.
यात्रियों को करना पड़ा वोट
आमतौर पर प्लेन के उड़ान भरने से पहले केबिन की जांच और जरूरी सफाई की जाती है. इस मामले में पायलट ने यात्रियों को स्थिति के बारे में जानकारी देकर उनकी पसंद जानने का फैसला किया. उसने बताया कि पिछली फ्लाइट में एक कुत्ते ने प्लेन के अंदर पेशाब कर दिया था. अब यात्रियों के सामने दो रास्ते थे, पहला सफाई के लिए इंतजार करना और दूसरा समय पर उड़ान भरने के लिए बदबू सहन करना. पायलट ने यात्रियों से हाथ उठाकर अपनी राय बताने को कहा. यानी यह तय करने की कोशिश की गई कि लोग साफ केबिन के लिए देरी स्वीकार करेंगे या जल्द अपने स्थान तक पहुंचना चाहेंगे. हालांकि इस वोटिंग का अंतिम परिणाम बताया नहीं गया.
View this post on Instagram
यह भी पढ़ें: School Fight Video: स्कूल में पढ़ाई छोड़ मारपीट पर उतरे छात्र, वीडियो हुआ वायरल
वीडियो हुआ वायरल
इस घटना का वीडियो टीवी होस्ट जेनिफर कॉफी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उन्होंने बताया कि वह खुद उस फ्लाइट में सवार नहीं थीं. वीडियो में यात्रियों को पायलट की घोषणा के बाद हाथ उठाते देखा जा सकता है. कॉफी ने इस पूरी घटना को मजाकिया अंदाज में लोकतंत्र से जोड़ दिया. उनके पोस्ट के बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया. इस वायरल वीडियो पर अब तक 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं. लोगों को सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि प्लेन में सफाई जैसे जरूरी चीज पर यात्रियों से इस तरह वोटिंग कराई गई.
कमेंट्स कर रहे यूजर्स
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग रहीं. कुछ यूजर्स का कहना है कि अगर घर पहुंचने में देरी हो रही हो तो थोड़ी बदबू सहन करना बेहतर है. वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि यात्रियों को गंदे केबिन में सफर करने का विकल्प देना ही क्यों पड़ा. एक यूजर ने पालतू जानवरों को प्लेन में ले जाने के नियमों के बारे में कमेंट किया. अमेरिका की डेल्टा एयरलाइंस के अनुसार, तय शर्तों को पूरा करने वाले छोटे पालतू जानवरों को केबिन में ले जाने की अनुमति होती है. इसके लिए उन्हें हवादार और लीक-प्रूफ कैरियर में रखना जरूरी है. इस कैरियर को यात्री के सामने वाली सीट के नीचे रखा जाता है.
यह भी पढ़ें: Earthquake Viral Video: भूकंप के झटकों से गिरने लगा घर, जान बचाकर भागे लोग




















