AI Fashion App: अलमारी में रखे कपड़ों से AI बनाएगा नए आउटफिट, Meta का नया ऐप
अलमारी में ढेर सारे कपड़े होने के बाद भी समझ नहीं आता कि क्या पहनें? Meta का नया AI ऐप Style Sketch इस परेशानी को आसान बना सकता है. जानिए यह ऐप कैसे काम करता है और किन देशों में उपलब्ध है.

- AI वर्चुअल मॉडल पर आउटफिट का प्रीव्यू दिखाता है.
AI Fashion App: कई बार हमारे पास जैकेट, फुटवियर और दूसरे कपड़ों के कई ऑप्शन होते हैं, लेकिन समझ नहीं आता कि किसके साथ क्या पहनना बेहतर रहेगा. इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए Meta ने एक नया AI-पावर्ड फैशन ऐप Style Sketch पेश किया है. यह यूजर्स को नए कपड़े खरीदने की सलाह देने की जगह उनकी मौजूदा अलमारी में मौजूद कपड़ों से ही अलग-अलग आउटफिट तैयार करने में मदद करता है. तो आइए जानते हैं कि Meta का नया ऐप कहां उपलब्ध है और यह कैसे काम करता है.
इन देशों में उपलब्ध है ऐप
Meta Style Sketch फिलहाल Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर कुछ ग्लोबल मार्केट में उपलब्ध है. इसे Google Play Store और Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है. अभी इसकी उपलब्धता इंडोनेशिया, सिंगापुर और थाईलैंड में दिखाई दे रही है. भारत समेत दूसरे बाजारों में इसे कब लॉन्च किया जाएगा, इस बारे में Meta ने फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी है.
Meta का नया ऐप कैसे काम करता है
Style Sketch की एक खास सुविधा इसकी डिजिटल वार्डरोब है. इसके लिए यूजर्स अपने Instagram अकाउंट को ऐप से कनेक्ट कर सकते हैं. इसके बाद ऐप Instagram पर मौजूद उनकी तस्वीरों और फोटो एलबम की मदद से अलमारी में रखे कपड़ों की डिजिटल लिस्ट तैयार कर सकता है. अगर कोई कपड़ा Instagram की तस्वीरों में मौजूद नहीं है, तो उसे मैन्युअली भी जोड़ा जा सकता है. इसके लिए यूजर्स फोटो, वीडियो या फोन की कैमरा रोल से कपड़ों की तस्वीरें अपलोड कर सकते हैं. इस तरह ऐप में उनके पास पहले से मौजूद कपड़ों का डिजिटल कलेक्शन तैयार हो जाता है.
यह भी पढ़ें - Samsung Phone : स्क्रीन पर अचानक दिखने लगीं छोटी लाइट्स? Samsung यूजर्स जान लें वजह
ट्रैवल और मौसम के हिसाब से भी मिलेंगे सुझाव
Style Sketch में आउटफिट चुनने के लिए कुछ दूसरे ऑप्शन भी दिए गए हैं. यह यूजर की जरूरत के मुताबिक जैकेट और फुटवियर जैसी कम इस्तेमाल होने वाली चीजों को ध्यान में रखकर नए लुक सुझाता है. इसके अलावा यात्रा की जगह, उसकी अवधि और मौसम के आधार पर भी कपड़ों के कॉम्बिनेशन तैयार कर सकता है. यूजर्स ऐप पर मौजूदा फैशन ट्रेंड और अलग-अलग लुक भी देख सकते हैं. इसके बाद समझ सकते हैं कि अपनी अलमारी में मौजूद कपड़ों से उस तरह का स्टाइल कैसे तैयार किया जाए. पसंद आए दो आउटफिट ऑप्शनों को दोस्तों के साथ शेयर करके उनकी राय भी ली जा सकती है.
बॉडी शेप और स्किन टोन के हिसाब से दिखेगा लुक
ऐप सिर्फ कपड़ों के कॉम्बिनेशन ही नहीं सुझाता, बल्कि उन्हें देखने का तरीका भी अलग है. Style Sketch AI की मदद से यूजर के बॉडी शेप और स्किन टोन से मेल खाने वाले वर्चुअल मॉडल पर आउटफिट का प्रीव्यू दिखाता है. इससे यूजर यह देख सकते हैं कि सुझाया गया कॉम्बिनेशन मॉडल पर कैसा दिखाई देगा.
यह भी पढ़ें - WhatsApp Group Chat Update: WhatsApp ग्रुप में जुड़े 4 नए फीचर्स, एडमिन-मेंबर्स को क्या होगा फायदा?






















