AI Cyber Attacks : अब मशीन की रफ्तार से होंगे साइबर हमले? AI ने बढ़ाई डेटा सुरक्षा की चुनौती
AI के दौर में साइबर हमलों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है. जानिए AI साइबर हमलों का खतरा कितना गंभीर है और डेटा को सुरक्षित रखने के लिए कंपनियों को कौन-से कदम उठाने चाहिए.

- AI निगरानी, सीमित पहुंच, नेटवर्क विभाजन सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण हैं.
AI Cyber Attacks : आज डिजिटल दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने साइबर अपराधियों को ऐसे नए तरीके दे दिए हैं, जिनसे कम समय में ज्यादा लोगों और कंपनियों को निशाना बना सकते हैं. अब किसी साइबर हमले को पहचानने और उसे रोकने के लिए सुरक्षा टीमों के पास पहले जितना समय भी नहीं बच रहा है.
2026 में चुनौती पहले से ज्यादा मूश्किल हो गई है, AI की मदद से नकली ईमेल, आवाज और वीडियो को असली जैसा बनाया जा सकता है. इसके अलावा AI एजेंट संवेदनशील डेटा तक पहुंचने और डिजिटल सिस्टम में कमजोरियां ढूंढने का जोखिम भी बढ़ा रहे हैं. ऐसे में सिर्फ मजबूत पासवर्ड और एंटीवायरस पर निर्भर रहना सही नहीं है. तो आइए जानते हैं कि AI ने कैसे डेटा सुरक्षा की चुनौती बढ़ाई है.
39 सेकंड में डेटा चोरी कर सकते हैं हमलावर
साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में हमले की रफ्तार सबसे बड़ी चिंता बन रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर शुरुआती पहुंच मिलने के बाद महज 39 सेकंड में डेटा चोरी करने तक पहुंच सकते हैं. इसका मतलब है कि कंपनियों को खतरे का पता लगाने, उसकी गंभीरता समझने और कार्रवाई करने के लिए बहुत कम समय मिल सकता है. ऐसे में कंपनियों को साइबर हमलों से बचाव के साथ-साथ, हमला होने पर अपने सिस्टम को जल्द से जल्द दोबारा चालू करने की तैयारी भी रखनी होगी.
नकली आवाज और ईमेल से भी खतरा
AI की मदद से साइबर अपराधी किसी अधिकारी की आवाज की नकल करके कर्मचारियों से पैसे ट्रांसफर करने या गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए कह सकते हैं. ऐसे में पहले से उपलब्ध व्यक्तिगत जानकारी के आधार पर ऐसे फर्जी संदेश तैयार किए जा सकते हैं, जिन्हें पहचानना मुश्किल हो. इससे बचने के लिए कंपनियों को जरूरी भुगतान, पासवर्ड बदलने और संवेदनशील डेटा मांगने वाले अनुरोधों की अलग माध्यम से पुष्टि करनी चाहिए.
यह लभी पढ़ें - Karbonn Smartphone:15 साल बाद Karbonn की वापसी, Gen Z के लिए लाएगा नए स्मार्टफोन
साइबर सुरक्षा मजबूत करने के जरूरी तरीके
1. AI सिस्टम पर नजर रखें - कंपनियों को AI से जुड़े सिस्टम की लगातार निगरानी करनी चाहिए, जिससे किसी भी गलत एक्टिविटी का समय रहते पता लगाया जा सके.
2. हर किसी को न दें सिस्टम का पूरा एक्सेस - कर्मचारियों को सिर्फ उतनी ही जानकारी और सिस्टम इस्तेमाल करने की परमिशन मिलनी चाहिए, जितनी उनके काम के लिए जरूरी है.
3. नेटवर्क को अलग-अलग हिस्सों में बांटें - कंपनियों को अपने नेटवर्क को अलग-अलग हिस्सों में रखना चाहिए, जिससे किसी एक हिस्से पर साइबर हमला होने पर उसका असर पूरे सिस्टम पर न पड़े.
4. नियमित रूप से सुरक्षा की जांच करें - सिस्टम की समय-समय पर जांच करना जरूरी है, जिससे कमजोरियों का पता लगाकर उन्हें समय रहते ठीक किया जा सके.
5. डेटा सुरक्षित रखें और रिकवरी की तैयारी करें - जरूरी डेटा का सुरक्षित बैकअप रखना चाहिए. साथ ही साइबर हमले के बाद सिस्टम को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया की प्रैक्टिस भी करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें - OnePlus Ace 7 Launch : 16GB RAM और 200MP कैमरा, OnePlus Ace 7 सीरीज लॉन्च






















