अलीगढ़ के इस गांव में लोगों ने किया उपचुनाव का बहिष्कार, 'सड़क नहीं तो वोट नहीं' के बैनर लगे
अलीगढ़ की इगलास विधानसभा में होनेवाले उपचुनाव में यहां अहलदा गांव को लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया है। यही नहीं गांव वालों का कहना है कि विकास कार्य न होने के चलते युवकों की शादी नहीं हो रही है

अलीगढ़, एबीपी गंगा। अलीगढ़ जिले की इगलास विधानसभा में हो रहे उपचुनाव में ग्राम पंचायत अहलदा के ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार का ऐलान किया है। इसकी वजह गांव में विकास नहीं होना खासकर गांव की सड़कों का पक्का नहीं होना। बाकायदा मतदान बहिष्कार के लिए ग्रामीणों ने बैनर बनवाकर गांव में लगा दिए हैं।
दरअसल करीब 450 वोटरों की संख्या वाले अहलदा गांव में विकास ना होने की वजह से युवकों की शादियों के लिए रिश्ते आना बंद हो गए हैं, जिससे कई युवकों की शादी नहीं हो पा रही है। गांव की सड़कें उतनी खराब हैं कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, क्योंकि कई बार गलियों में पानी ज्यादा भर जाने से निकलने में दिक्कत होती है, साथ ही गलियों में भरे पानी की वजह से बीमारियां भी फैल रही हैं। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि सभी सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा ली है, लेकिन कोई हमारी नहीं सुन रहा है, इसलिए 21अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में पूरा गांव चुनाव का बहिष्कार करेगा।
चुनाव बहिष्कार को लेकर भाजपा का कहना है कि इस गांव के लोग पार्टी के वोटर हैं, लेकिन किसी कारणवश काम नहीं हो पाया, लेकिन आचार संहिता हटते ही यहां काम शुरू कर दिया जाएगा। पैसा आया हुआ है चूंकि विकास प्रधानों के जरिए होता है, इसलिए कभी कभार राजनीति की वजह से कोई गांव विकास की दौड़ में पीछे रह जाता है।
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























