Lucknow News: लखनऊ STF की बड़ी कामयाबी, पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे अपराधी को दबोचा
Lucknow News: यूपी के लखनऊ STF ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं आगे की विधिक कार्रवाई शुरू की गई है.

उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी शिवकुमार उर्फ बब्लू को गिरफ्तार कर लिया है. 59 वर्षीय बब्लू को मंगलवार रात लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र स्थित क्लार्क अवध होटल के पास से पकड़ा गया. उसकी गिरफ्तारी शाम करीब 8:30 बजे हुई.
दरअसल, शिवकुमार उर्फ बब्लू थाना महानगर, लखनऊ का चर्चित अपराधी है.उस पर अपने ही बेटे की हत्या का आरोप है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 22 मार्च 2025 को शराब के नशे में उसने अपने बेटे के सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया था.
बेटे को हथौड़ी मारकर उतारा मौत के घाट
गंभीर रूप से घायल बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. इस मामले में महानगर थाने में मुकदमा दर्ज कर बब्लू को जेल भेजा गया था.लेकिन 24 मई 2025 को वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया.
उस समय उसे इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहीं इलाज के दौरान उसने पुलिस टीम को चकमा देकर फरार होने में सफलता पा ली थी. तब से वह लगातार लापता था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
सूचना पर एसटीएफ ने दबोचा
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी पर नजर रखने और उसे पकड़ने के लिए टीम लगातार काम कर रही थी.मंगलवार को विश्वसनीय सूचना मिली कि बब्लू वजीरगंज इलाके में दिखाई दिया है. एसटीएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक हरीश कुमार सिंह चौहान, मुख्य आरक्षी सरताज अहमद, मुख्य आरक्षी सूरज सिंह और आरक्षी राम सिंह शामिल थे. पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह की देखरेख में हुई.
पूछताछ में आरोपी ने किया ये खुलासा
पूछताछ में बब्लू ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी है. इसी बात को लेकर उसका बेटे से अक्सर झगड़ा होता रहता था. एक दिन गुस्से में उसने बेटे के सिर पर हथौड़ी से वार कर दिया.
गंभीर चोट लगने से बेटे की मौत हो गई. इसके बाद वह जेल गया, लेकिन इलाज के बहाने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया और छिपकर इधर-उधर घूमता रहा.
एसटीएफ ने पुलिस को सौंपा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे वजीरगंज थाने में जमा कर दिया है. अब उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. बब्लू ने नशे की वजह से अपना ही बेटा खो दिया और खुद भी अपराध की राह पर चल पड़ा.
एसटीएफ की इस कार्रवाई से पुलिस को बड़ी राहत मिली है. साथ ही समाज को यह संदेश भी गया है कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी से भागे, लेकिन कानून से बचना नामुमकिन है.




















