2027 में सपा को मिलेगा दो तिहाई बहुमत? अखिलेश के सांसद का बड़ा दावा
सपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी. उन्होंने बीजेपी से लोगों के मोहभंग होने की बात कही.

उत्तर प्रदेश में आगमी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. श्रावस्ती लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि 2027 में समाजवादी पार्टी दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.
सांसद ने भाजपा पर हिंदू-मुसलमान की राजनीति करने और वोट चोरी का आरोप लगाया. वहीं कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन को मजबूत बनाए रखने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय नेतृत्व की है.
'यह भी पढ़ें: सजा भुगतनी पड़ेगी' ED की गिरफ्त में आजम खान पर BJP से आया पहला बयान
गठबंधन पर जल्द होगा फैसला
कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय नेतृत्व का मामला है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलकर इस पर फैसला लेंगे. उन्होंने भरोसा जताया कि INDIA गठबंधन मजबूती के साथ 2027 का चुनाव लड़ेगा. भाजपा के अंगद का पैर न हिला पाने वाले बयान पर पलटवार करते हुए सांसद ने कहा कि भगवान राम, हनुमान और अंगद की ताकत अब समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन के साथ है. उन्होंने कहा कि हिंदू-मुसलमान की राजनीति अब काम नहीं आने वाली है और प्रदेश की जनता एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी.
MLC चुनाव में सपा की जीत का किया जिक्र
सांसद ने हाल ही में हुए शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर मतदाताओं को वोट डालने से रोका गया और शिक्षकों को डराने का प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के क्षेत्र में भी समाजवादी पार्टी ने दोनों सीटों पर जीत हासिल की है.
चुनाव आयोग पर साधा निशाना
राम शिरोमणि वर्मा ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी से जुड़े आरोपों और शिकायतों पर संज्ञान नहीं लेने का आरोप लगाया. सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बीएलए बनकर हर बूथ पर निगरानी कर रहे हैं और गलत तरीके से वोट काटे जाने के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगी और जनता को जागरूक करेगी.
भाजपा के 'बटोगे तो कटोगे' वाले बयान पर भी सांसद ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब जागरूक हो चुकी है और किसी के बहकावे में नहीं आने वाली. उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा.
बीजेपी से जनता की नाराजगी का दावा
ओमप्रकाश राजभर के शिक्षक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि भाजपा से शिक्षक, स्नातक और आम जनता सभी नाराज हैं. उन्होंने दावा किया कि जब प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव में वोट डालेगी तो भाजपा को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ेगा.
वहीं, 2027 में समाजवादी पार्टी की कितनी सीटें आएंगी, इस सवाल पर राम शिरोमणि वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी दो तिहाई बहुमत के करीब सीटें जीतेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि जनता अब एकजुट हो चुकी है और समाजवादी पार्टी के साथ खड़ी है.
यह भी पढ़ें: लखनऊ: KGMU में धर्मांतरण का खेल! कई डॉक्टरों के सामने आए नाम






















