'सजा भुगतनी पड़ेगी' ED की गिरफ्त में आजम खान पर BJP से आया पहला बयान
आजम खान की गिरफ्तारी पर सियासी प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है. इस बीच बीजेपी नेता और योगी सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने दावा किया है कि आजम खान ने बहुत पाप किए हैं.

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय ने रामपुर जेल से रिहा होती ही गिरफ्तार कर लिया. आजम की गिरफ्तारी पर सियासी प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है.
इस बीच ईडी (ED) की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए, भारतीय जनता पार्टी के नेता और राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा, 'उन्होंने इतने अपराध और पाप किए हैं कि आजम खान के लिए इन सबसे बच पाना मुश्किल होगा. इसलिए, कानून अपना काम कर रहा है, और उन्हें धोखाधड़ी तथा भ्रष्टाचार के सभी मामलों में निश्चित रूप से सजा भुगतनी पड़ेगी.'
बता दें ED ने शनिवार, 31 अक्टूबर को पैन कार्ड धोखाधड़ी मामले में रामपुर जेल से रिहा होते ही समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को हिरासत में ले लिया. अधिकारियों के मुताबिक, 78 वर्षीय आजम खान को जल्द ही धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया जा सकता है. इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ED उनकी हिरासत की मांग करेगी.
कुर्क की जा चुकी है जमीन
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर दो पैन कार्ड रखने के मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दे दी थी. आजम खान को हिरासत में लेने के दौरान ED के लखनऊ जोन के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और पुलिस के जवान मौजूद थे. इस दौरान उनके समर्थक नारेबाजी करते नजर आए.
इससे पहले बुधवार को ED ने धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत रामपुर स्थित आजम खान के मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की जमीन और इमारत को कुर्क करने की जानकारी दी थी. एजेंसी ने आजम खान और अन्य लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई उनके खिलाफ दर्ज 58 पुलिस प्राथमिकियों के आधार पर की गई है.






















