मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो और डंपर की भिड़ंत; 4 की मौत
इस हादसे में करीब 50 वर्षीय आदेश गोयल और 35 वर्षीय निशा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल गोनी और राखी ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा पुरकाजी थाना क्षेत्र के लक्सर रोड पर हुआ, जहां लक्सर से मुजफ्फरनगर लौट रही स्कॉर्पियो कार को डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग कार के अंदर फंस गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. बताया जा रहा है कि नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की हरी वृंदावन कॉलोनी निवासी आदेश गोयल अपने परिवार के साथ लक्सर में आयोजित मौसी राधेश्याम के 75वें जन्मदिन समारोह में शामिल होकर वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे. इसी दौरान पुरकाजी क्षेत्र में उनकी स्कॉर्पियो कार की डंपर से टक्कर हो गई.
इस हादसे में करीब 50 वर्षीय आदेश गोयल और 35 वर्षीय निशा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल गोनी और राखी ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. इस हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घायलों में मृतक आदेश गोयल की पत्नी रूबी समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं. गंभीर हालत को देखते हुए कुछ घायलों को मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया है. इस हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे और सीओ सदर सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली.
डंपर का चालक गिरफ्तार
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है.





















