1 नवंबर से राम मंदिर में बदला जाएगा पूजा-पाठ का समय, जानें कब खुलेंगे पट
अयोध्या स्थित राम मंदिर में 1 नवंबर से दर्शन और आरती की समय-सारणी बदल जाएगी. ऋतु परिवर्तन के चलते राम मंदिर में दर्शन, भोग और विश्राम का समय बदलेगा.

अयोध्या स्थित श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में ऋतु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए दैनिक पूजा, आरती, भोग, विश्राम एवं दर्शन की समय-सारणी में संशोधन किया गया है. नई व्यवस्था रविवार (1 नवंबर 2026) से लागू होगी. वर्तमान में पट सुबहः 3:45 बजे खुलते और रात 10:30 बजे बंद होते हैं. नई व्यवस्था में ये सुबह 4 बजे खुलेंगे और रात 10 बजे बंद होंगे.
अर्चक प्रमुख आचार्य केशव ने बताया कि सुबह 4:30 से 4:40 बजे तक मंगला आरती होगी. सुबह 4:40 से 6:30 बजे तक अभिषेक, श्रृंगार, धूप-दीप एवं नैवेद्य के लिए पट बंद रहेंगे. वहीं 6:30 बजे श्रृंगार आरती तथा सुबह 7 बजे से श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू होंगे. 8:00 से 8:10 बजे तक बालभोग के लिए विराम रहेगा. इसके बाद दर्शन पूर्वाह्न 11:30 बजे तक होंगे.
इस तरह रहेगा अब समय
पूर्वाह्न 11:30 से दोपहर 12 बजे तक राजभोग के लिए पट बंद रहेंगे तथा दोपहर 12 बजे राजभोग आरती होगी. दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक श्रीरामलला का विश्राम रहेगा. इसके उपरांत पुजारी प्रवेश एवं अल्पभोग के बाद दोपहर 1:35 बजे से दर्शन दोबारा शुरू होंगे और शाम 4 बजे तक चलेंगे.
शाम 4:00 से 4:10 बजे तक बालभोग, फिर 6:45 बजे तक दर्शन होंगे. शाम 6:45 से 7 बजे तक धूप-दीप एवं नैवेद्य के लिए पट बंद रहेंगे और 7 बजे संध्या आरती होगी. रात 8:00 से 8:30 तथा 9:15 से 9:30 बजे तक भी धूप-दीप एवं नैवेद्य के लिए पट बंद रहेंगे. इनके बीच निर्धारित समय में दर्शन जारी रहेंगे. रात 9:30 बजे शयन आरती के उपरांत 10 बजे पट बंद हो जाएंगे.
इस प्रकार है पुराना और नया समय
गतिविधि वर्तमान समय 1 नवम्बर से
- पट खुलना सुबहः 3:45 सुबहः 4:00
- मंगला आरती सुबहः 4:00 सुबहः 4:30
- श्रृंगार आरती सुबहः 6:00 सुबहः 6:30
- सुबहः बालभोग सुबहः 9:00-9:05 सुबहः 8:00-8:10
- मध्याह्न विश्राम दोपहर 12:30-12:55 दोपहर 12:30-1:30
- शयन आरती रात 10:00 रात 9:30
- पट बन्द रात 10:30 रात 10:00
सपा में शामिल हुए कई नेता, अखिलेश बोले- 'पूरब और पश्चिम हिल गया है'




















