महोबा: जिस सांप को बचाया, उसी ने आपदा मित्र अक्षय को डसा
महोबा में सर्पमित्र अक्षत को सांप ने उस वक्त डस लिया जव वे उसे रेस्क्यू कर ला रहे. अक्षय ने सूझबूझ दिखाते हुए जल्दी से अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी हालत स्थिर है.

उत्तर प्रदेश में महोबा के कबरई में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. दूसरों की जान बचाने वाले आपदा मित्र अक्षय कुमार को खुद उनके द्वारा रेस्क्यू किए गए सांप ने ही डस लिया. चलती बाइक की डिग्गी से अचानक सांप थैले से बाहर आ गया और कंधे से होते हुए बाएं हाथ पर काट लिया.
गनीमत रही कि अक्षय ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और सांप को दोबारा थैले में बंद कर खुद जिला अस्पताल पहुंचे. फिलहाल डॉक्टर के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: यूपी बीजेपी ने जारी की लिस्ट, मुख्तार अब्बास नकवी और विनय कटियार का भी नाम
मोचीपुरा से सांप पकड़ कर ला रहे थे
कबरई के राजीव नगर निवासी 27 वर्षीय अक्षय कुमार सर्प विशेषज्ञ हैं और सूचना मिलते ही सांप पकड़ने पहुंच जाते हैं. मोचीपुरा इलाके में एक मकान से सांप निकलने की सूचना मिलने पर अक्षय वहां पहुंचे और सफलतापूर्वक सांप का रेस्क्यू कर उसे एक थैले में बंद कर अपनी बाइक की डिग्गी में रख लिया. इसके बाद वे किसी दूसरे स्थान पर रेस्क्यू के लिए बाइक से रवाना हुए.
अभी वे रास्ते में ही थे कि डिग्गी के अंदर रखा वह सांप अचानक थैले से बाहर निकल आया. इससे पहले कि अक्षय कुछ समझ पाते, सांप उनके कंधे से होता हुआ बाएं हाथ तक पहुंच गया और डस लिया. चलती बाइक पर अचानक हुए इस जानलेवा हमले से कोई भी सामान्य व्यक्ति घबरा सकता था, लेकिन अक्षय ने असाधारण सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया. उन्होंने अपनी घबराहट पर काबू पाया, सांप को पकड़कर दोबारा थैले में सुरक्षित बंद किया और तुरंत जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचे.
अस्पताल में खतरे से बाहर है अक्षय
ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विष्णु ने बताया कि मरीज को सोमवार रात सांप ने काटा था. गनीमत यह रही कि समय पर अस्पताल पहुंचने और सही इलाज मिलने से फिलहाल खतरे जैसी कोई बात नहीं है. अक्षय की हालत पूरी तरह स्थिर बनी हुई है और डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार लगातार जारी है.





















