लखनऊ की सीजेएम कोर्ट में बार एसोसिएशन के मंत्री पर देसी बम से जानलेवा हमला..कई वकील घायल
लखनऊ की वजीरगंज कोर्ट परिसर में देसी बम से हमले के बाद कोहराम मच गया। इस हमले में कई वकीलों के घायल होने की खबर है

लखनऊ, एबीपी गंगा। लखनऊ की वजीरगंज कोर्ट परिसर में देसी बम से हमले के बाद सनसनी फैल गई। इस हमले में कई वकीलों के घायल होने की खबर हैं। मौके पर वजीरगंज पुलिस पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन जिंदा बम बरामद किये हैं।अबतक मिली जानकारी के मुताबिक लखनऊ बार एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री संजीव लोधी निशाने पर थे। फिलहाल कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
आपको बता दें कि लखनऊ जिला सत्र न्यायालय के गेट नंबर तीन पर गुरुवार दोपहर कुछ बदमाशों ने बम से लखनऊ बार एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री संजीव लोधी पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक एक बम फटा जिससे मौके पर मौजूद संजीव लोधी समेत कई अन्य वकील घायल हो गए। हमला करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं वकीलों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। मौके पर डीसीपी वेस्ट, एडीसीपी वेस्ट और एसएचओ मौके पर हैं। सीसीटीवी से संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
लोधी ने कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए मांग की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और वकीलों की हिफाजत के बंदोबस्त करने की मांग की। प्रदेश की अदालत परिसरों में हमले की घटनाएं हाल में बढ़ी हैं। इससे पहले बीते वर्ष 17 दिसम्बर को बिजनौर की सीजेएम की भरी अदालत में बदमाशों ने गोलीबारी करके एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी और दो पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया था। इसके अलावा सात जनवरी को लखनऊ में वकील शेखर त्रिपाठी को कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला था।























